Vistaar NEWS

‘ठंडी चाय गर्म करो, बबीता मैडम शर्म करो…’, भोपाल में टीचर के खिलाफ Gen अल्‍फा का हल्‍लाबोल, तत्काल ट्रांसफर

Students' protest against the teacher

स्‍टूडेंट्स का टीचर के खिलाफ प्रदर्शन

MP News: राजधानी भोपाल में सरकारी स्‍कूल की महिला टीचर पर बच्‍चों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए स्‍टूडेंट्स ने शिक्ष‍िका के खिलाफ सड़क मोर्चा खोल दिया. शहर के मिसरोद इलाके में स्थित नवीन शासकीय हायर सेकेंडरी स्‍कूल के छात्र-छात्रा हाथों में बैनर-पोस्‍टर लेकर सड़क पर उतर आए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

स्‍टूडेंट्स ने एक महिला साइंस टीचर पर परीक्षा में फेल करने की धमकी देने और प्रोजेक्ट के नाम पर हर महीने पैसे वसूलने और सीन‍ियर छात्रों को लोहे के पाइप से मारने के साथ स्‍कूल में मजदूरों के जैसे काम कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्रों के इस उग्र प्रदर्शन को देखते हुए शिक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई की है. जिला शिक्षा अधिकारी (DRO) अभिनव आर्य ने टीचर बबीता कुशवाह का ट्रांसफर आदेश जारी किया. इसके साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी है. कार्रवाई के बाद 4 घंटे चले प्रदर्शन को खत्म कर दिया गया.

पढ़ने आते हैं, कर्मचारी बना दिया

3 अक्टूबर को 11वीं गणि‍त और जीव विज्ञान के स्‍टूडेंट्स ने टीचर के खिलाफ लिखित आवेदन भी दिया था. इस आवेदन में लिखा गया था कि यूपीएससी और अन्‍य दूसरी भर्ती परीक्षाओं के सेंटर बनने के दौरान उनसे बेंच जमाने, सफाई कराने और रोल नंबर लिखने जैसे काम कराए जाते हैं. वहीं रविवार को भी स्‍कूल बुलाया जाता है. छात्र-छात्राओं का कहना है कि स्‍कूल में वे पढ़ाई करने आते हैं, कर्मचारियों की तरह काम करने नहीं आते हैं.

प्रोजेक्ट के बादले पैसे वसूलने का आरोप

स्‍टूडेंट्स ने प्राचार्य को जो आवेदन लिखा उसमें आरोप है कि बबीता मैडम हर महीने प्रोजेक्ट के नाम पर 2500-2500 रुपये सभी छात्र-छात्राओं से मांगती हैं. कहती हैं कि जिसके पास पैसे हैं, वहीं साइंस स्‍ट्रीम की पढ़ाई कर सकेंगे. इसी दबाव में कई स्‍टूडेंट्स ने विज्ञान विषय को छोड़ दिया है. छात्र-छात्राओं का आरोप है कि बबीता मैडम पढ़ाने के बजाय क्‍लास के अंदर मोबाइल पर बात करती रहती हैं.

उन्‍होंने दवा किया कि मैडम ने सीनियर छात्रों को लोहे के पाइप से मारा है. इसके अलावा स्‍टूडेंट्स ने टीचर के साथ एक छात्र की बातचीत का ऑडियो भी सुनाया, जिसमें पास-फेल कराने और पेरेंट्स से बातचीत और पैसे खर्च होने जैसी बातें शामिल है.

बैनर-पोस्‍टर लेकर किया प्रदर्शन

स्‍टूडेंट्स हाथों में बैनर-पोस्‍टर लेकर सड़क पर उतर आए और जमकर टीचर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान प‍ुलिस बल भी मौजूद रहा और पुलिस अधिकारियों ने स्‍टूडेंट्स को समझाने का भी प्रयास किया. बच्‍चों ने टीचर के खिलाफ ‘ठंडी चाय गर्म करो, बबीता मैम शर्म करो’ जैसे कई नारे भी लगाए.

ये भी पढे़ं- Gwalior: LNIPE में स्‍टूडेंट्स की सेहत से खिलवाड़! ब्रेकफास्‍ट में परोसी एक्सपायरी ब्रेड

Exit mobile version