MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम एक संदेश जारी किया है, पत्र जारी करके विधायक और मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस को लेकर अपनी बातें कहीं है. इसमें मध्य प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चौधरी ने कई बड़ी बातें कही है.
हरीश चौधरी बोले जनता के बीच जाएं. जनता की बात सुनें. जनता के सवाल उठाएं और जनता के संघर्ष में उसके साथ खड़े रहें. इतना ही नहीं मध्य प्रदेश संगठन को मजबूत करने को लेकर हरीश चौधरी ने लिखा कि कांग्रेस की असली ताकत केवल हमारे बड़े नेताओं में नहीं, बल्कि उस कार्यकर्ता में है जो हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहता है.
हमारा संगठन केवल चुनाव के समय दिखाई न दे – हरीश चौधरी
हमारा संगठन ऐसा होना चाहिए जो केवल चुनाव के समय दिखाई न दे, बल्कि पूरे वर्ष जनता के सुख-दुख, संघर्ष और अधिकारों में उसके साथ खड़ा दिखाई दे. शीर्ष नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार जनता के मुद्दे संसद में उठा रहे, लेकिन इस संघर्ष को केवल संसद तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है.
उन्होंने आगे लिखा कि बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, युवाओं के भविष्य, सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा जैसे मुद्दे उठायें कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता. जनहित के मुद्दों को मध्य प्रदेश के हर गांव, पंचायत, वार्ड, मंडल और बूथ तक लेकर जाएं. हम जनता के बीच जाएं, उसकी समस्याएं सुनें, उसकी आवाज बनें और स्थानीय मुद्दों को संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाएं.
कार्यकर्ता हमारी ताकत बने – चौधरी
जनता के मुद्दे हमारी राजनीति के केंद्र में हों, कार्यकर्ता हमारी ताकत बने और संगठन जनहित के संघर्ष का माध्यम बने. बूथ से लेकर प्रदेश तक संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और जनता से सीधा संवाद ही कांग्रेस को मजबूत बनाएगा. आज आवश्यकता है कि हम राष्ट्रीय नेतृत्व के संघर्ष को मध्य प्रदेश की जनशक्ति से जोड़ें.
हर पदाधिकारी और प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनता के बीच जाए और उसे यह भरोसा दिलाए कि उसके अधिकारों, सम्मान और न्याय की लड़ाई में कांग्रेस उसके साथ खड़ी है. मध्य प्रदेश के हर गांव और हर बूथ तक पहुंचने की अपील की है.
ये भी पढे़ं- मंत्री विजय शाह पर नहीं चलेगा केस, सरकार ने नहीं दी परमिशन! कर्नल सोफिया पर दिया था बयान
