Vistaar NEWS

MP Weather: एमपी में थमी बारिश की रफ्तार! उमस और गर्मी से परेशान हुए लोग, कई शहरों में पारा 35 डिग्री के पार

MP Weather

एमपी का मौसम

MP Weather Today: मध्य प्रदेश में लगातार हुई बारिश का सिलसिला फिलहाल धीमा पड़ गया है, जिसके चलते दिन के तापमान में फिर से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है. जुलाई के महीने में ही लोगों को मार्च और अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक कहीं भी व्यापक या भारी बारिश की संभावना नहीं है, इसलिए तापमान में और इजाफा हो सकता है.

पिछले छह दिनों से नहीं हुई भारी बारिश

भोपाल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश में पिछले छह दिनों से कहीं भी भारी या अति भारी बारिश दर्ज नहीं की गई है. हालांकि कुछ इलाकों में दिन के समय बादल छा रहे हैं, लेकिन इससे बारिश में खास बढ़ोतरी नहीं हुई. यही वजह है कि राज्य के आधे से अधिक जिलों में सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है.

सामान्य से 7 फीसदी कम हुई वर्षा

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक प्रदेश में 241.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 260 मिलीमीटर माना जाता है. इस तरह राज्य में अब तक करीब 7 प्रतिशत कम बारिश हुई है.

पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी बारिश की कमी

पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, सागर, शहडोल और रीवा संभाग के जिलों में स्थिति अधिक चिंताजनक है, जहां सामान्य से करीब 21 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल संभाग सहित पश्चिमी हिस्सों में भी औसत से लगभग 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है.

21 जिलों में हल्की बारिश का अनुमान

बुधवार को इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है.

इन जिलों में गर्मी और उमस का असर रहेगा

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में दिन के समय गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है.

ये भी पढे़ं- MP Weather: एमपी में कमजोर पड़ा मानसून! जुलाई में सामान्य से कम बारिश, कई जिलों में तेज धूप, जानें मौसम का अपडेट

Exit mobile version