MP News: मध्य प्रदेश के सीहोर में दिल को सुकून देने वाला दृश्य सामने आया है. जिले में हो रही लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं. ऐसे में एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. भारी बारिश के चलते ग्राम जमनी पड़ली में एक गर्भवती महिला को प्रशासन ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया है.
बारिश के कारण महिला को अस्पताल लेकर जाने में परेशानी हो रही थी. इसी दौरान सूचना मिलने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू की और महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया.
एसडीएम के निर्देश पर मौके पर पहुंचा प्रशासनिक अमला
पूरे मामले में एसडीएम तन्मय वर्मा के निर्देश के बाद प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया. होमगार्ड की रेस्क्यू बोट की मदद से महिला को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. इस दौरान होमगार्ड के जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरा किया और महिला को सुरक्षित बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई.
रेस्क्यू के बाद महिला को अस्पताल में कराया भर्ती
रेस्क्यू के बाद महिला को तत्काल प्रभाव से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसे आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. एसडीएम तन्मय वर्मा ने अधिकारियों को बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार नजर बनाए रखने और आपात स्थिति में लोगों को तत्काल प्रभाव से सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
ग्रामीण क्षेत्रों में रेस्क्यू टीमें अलर्ट मोड पर
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन ने आवश्यक संसाधनों और रेस्क्यू टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है. साथ ही, सभी जरूरतमंद लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से गर्भवती महिला को समय रहते सुरक्षित रूप से अस्पताल तक पहुंचाया गया.
ये भी पढे़ं- Sehore News: सीहोर में मूसलाधार बारिश से हाहाकार,नदी-नाले उफान पर, कई गाँवों का शहर से संपर्क कटा
