MP News: मध्य प्रदेश के विदिशा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को चौंका कर रख दिया है. स्कूल के मैदान में खेल रही मासूम बच्ची को एक शिक्षक ने उठाकर फेंक दिया. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. शिक्षक पर आरोप है कि उसने इस घटना को अंजाम देने के बाद बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी है.
इस घटना के दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों ने बच्ची को बचाया है. मामले के सामने आने के बाद विदिशा जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने घटना की जांच के लिए टीम गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही अधिकारी ने टीचर के दिव्यांगता से जुड़े प्रमाण पत्र की भी जांच कराने की बात कही है. इसके साथ ही कहा है कि मामले में अनियमितता सामने आने के बाद नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
विदिशा के शासकीय स्कूल का मामला
दरअसल, पूरा मामला विदिशा जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र के ग्राम धामनोद का बताया जा रहा है, जहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संकुल प्राचार्य कमल सिंह मीणा पर गंभीर आरोप लगा है. जानकारी के अनुसार गांव के युवक खुमान सिंह के पास प्राचार्य से जुड़ा एक वीडियो मौजूद था. इस वीडियो को हटाने के लिए उस पर कथित तौर पर दबाव बनाया जा रहा था.
वीडियो डिलीट करने से मना किया
प्राचार्य द्वारा दबाव बनाने पर युवक ने वीडियो को डिलीट करने से मना कर दिया. इसके बाद विवाद बढ़ गया और प्राचार्य ने स्कूल परिसर में खेल रही एक छोटी बच्ची को कथित तौर पर उठाकर फेंक दिया. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में शिक्षक बच्ची को उठाकर धमकी दे रहा है कि मैं बहुत बेकार आदमी हूं.
रिश्वत मांगने का आरोप
इस पूरे मामले में ग्रामीण युवक खुमान सिंह ने आरोप लगाया है कि स्कूल में पढ़ने वाली 12वीं कक्षा की छात्रा को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शासन की तरफ से स्कूटी और लैपटॉप दिया गया था. प्राचार्य ने छात्रा को इस योजना का लाभ जल्दी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी थी. इसका वीडियो भी युवक ने बना लिया था. प्राचार्य ने युवक को वीडियो हटाने का दबाव बनाया था. स्कूल परिसर में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है.
