Bittu Tabahi: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर की अजनार नदी की सफाई से चर्चा में आए बिटटू तबाही अब खुद बीमार हो गए हैं. अजनार नदी को मालवा की लाइफ लाइन के नाम से जाना जाता है, लेकिन नदी में कचरा और प्रदूषण इतना हो गया कि नदी नाले में बदल गई. नदी की सफाई करने का बीड़ा ब्यावरा के बिट्टू ने उठाया. बिटटू ने मेहनत की और नदी की पूरी सफाई करके उसमें जान भर दी, लेकिन नदी की स्थिति फिर वही हो गई.
बिट्टू के हाथ-पैरों में फैला संक्रमण
बिट्टू ने नदी की सफाई करने के वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किए. जहां बिट्टू ने नदी की पहली की स्थिति और बाद की स्थिति दोनों के फोटो डाले. उन्होंने 26 जनवरी 2026 को अजनार नदी को अकेले साफ करने का जिम्मा उठाया था. हाथों में फावड़ा, दस्ताने और जुतों के साथ वे नदी की सफाई करने उतरे थे.
नदी की दशा बेहद खराब हाने और प्रदूषित पानी के संपर्क में लंबे समय तक रहने पर बिट्टू के हाथ-पैरों में संक्रमण फैल गया. बिट्टू के सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो में दिख रहा है कि उनके हाथों और पैराें की त्वचा छिल हुई है.
कचरा डालने से लोग नहीं आ रहे बाज
बिट्टू को लगातार दर्द और संक्रमण की समस्या होने के बाद भी उन्होंने नदी की सफाई नहीं छोड़ी और काम को पूरी तरह से जारी रखा है. सोशल मीडिया पर वे अपनी वीडियो में कहा रहे हैं कि उनकी पूरी मेहनत बेकार जा रही है. लोग नदी में कचरा डालने से बिल्कूल भी बाज नहीं आ रहे हैं. यही कारण है कि नदी की जितनी सफाई नहीं हो पा रही उससे ज्यादा तो उसमे गंदगी हो जाती है.
सोशल मीडिया पर बिट्टू की तबीयत वाली वीडियो को देखकर कई यूजर्स ने चिंता जताई है. लोगों ने उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी है. वहीं कई यूजर्स ने नदी को गंदा करने वाली बात पर ऐसे लोगों को कोसा है.
