MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस में 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है. मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के जीतू पटवारी को अगला मुख्यमंत्री बताए जाने वाले बयान पर किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केदार सिरोही ने आपत्ति जताई है. सिरोही ने इसे पार्टी की संगठनात्मक प्रक्रिया और आंतरिक लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए पटवारी से बयान का खंडन करने की मांग की है.
मुकेश नायक बोले- 2028 में मुख्यमंत्री बनेंगे पटवारी
मुकेश नायक ने मध्य प्रदेश सरकार के नए हेलीकॉप्टर को लेकर मीडिया में कहा था कि सरकार ने जो प्लेन लिया है, वह जीतू पटवारी के लिए है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी सरकार एक साल तक ही प्लेन चला पाएगी, उसके बाद मुख्यमंत्री जीतू पटवारी बनेंगे और फिर वे इसमें बैठेंगे. इस बयान के बाद प्रदेश कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर चर्चा तेज हो गई.
केदार सिरोही ने उठाए संगठनात्मक प्रक्रिया पर सवाल
केदार सिरोही ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बिना किसी संगठनात्मक प्रक्रिया, विधायक दल की बैठक या शीर्ष नेतृत्व के आधिकारिक फैसले के जीतू पटवारी को 2028 के लिए मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस देशभर में संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करती है, ऐसे में पार्टी के भीतर भी इन सिद्धांतों का पालन होना चाहिए.
पटवारी से बयान का खंडन करने की मांग
सिरोही ने कहा कि जीतू पटवारी प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर संगठन के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार नेतृत्व को ऐसे बयानों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि चुप्पी से कार्यकर्ताओं के बीच इसे प्रायोजित प्रचार मानने की धारणा बन सकती है.
सिरोही ने कहा कि मध्य प्रदेश कर्ज, आर्थिक चुनौतियों और जनसमस्याओं से जूझ रहा है. ऐसे समय में पार्टी को मुख्यमंत्री पद के नामों पर जल्दबाजी करने के बजाय किसानों, मजदूरों, युवाओं और व्यापारियों के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी व्यक्ति विशेष के दावों से नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं के सामूहिक संघर्ष से मजबूत होती है.
ये भी पढे़ं- दिग्विजय सिंह की यात्रा पर NHRC का नोटिस, बच्चों से नारे लगवाने के आरोप में मांगा जवाब
