MP News: मध्य प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. कर्मचारियों की सेवाओं को समाप्त करने की चर्चाओं पर सीएम मोहन यादव ने विराम लगा दिया है. उन्होंने स्थिति को साफ करते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी को नौकरी से बाहर नहीं किया जाएगा. नियुक्ति के संबंध में वर्तमान में जो व्यवस्था है, वह जारी रहेगी. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि नौकरी हटाने की बातें भ्रामक हैं.
क्या है पूरा मामला?
योजना, आर्थिक और सांख्यिकी विभाग की ओर से एक आदेश जारी किया गया था. इसके बाद से ही आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पर संकट की संभावना थी. आदेश में कहा गया था कि वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत 31 मार्च 2027 तक नियमित पदों की एवज में आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाओं को समाप्त करने की कार्रवाई पूरी की जाए.
वित्त विभाग के आदेश के तहत केवल चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को छूट दी गई थी. कहा गया था कि बाकी श्रेणियों की आउटसोर्स सेवाएं समाप्त की जाएं और संबंधित विभाग में आवश्यकता अनुसार नियमित पदों पर भर्ती की जाए.
‘आर्थिक सुरक्षा हमारी प्राथमिकता’
मुख्यमंत्री निवास में मंगलवार (24 नवंबर) को विभिन्न कर्मचारी संगठनों का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें सीएम मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार की ताकत और उसकी पहचान कर्मचारियों की बुलंदी से है. कर्मचारियों का सम्मान और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा राज्य सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है.
प्रदेश में 5 लाख आउटसोर्स कर्मचारी
मध्य प्रदेश सरकार के अलग-अलग विभागों में 5 लाख आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रहे हैं. वित्त विभाग के आदेश के बाद इनमें से 2.50 लाख कर्मचारियों को नौकरी छोड़ना पड़ता. इनमें डेटा एंट्री ऑपरेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर और ऑफिस असिस्टेंट जैसे पद शामिल हैं. राज्य में तीन बिजली कंपनियां विद्युत वितरण करती हैं. इनकी बात करें पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में 15522, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में 21574 और पश्चिम क्षेत्र क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में 18410 आउटसोर्स कर्मचारी शामिल हैं.

