Voting Scheduled for November 12: इलेक्शन कमीशन ने मध्य प्रदेश की एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान कर दिया है. बीजेपी नेता एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद ये सीट खाली हुई है. उन्होंने 13 अक्टूबर 2026 को त्याग पत्र दे दिया था. इस सीट पर कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था. उपचुनाव के लिए मतदान और गणना 12 नवंबर 2026 को होगी.
क्या है उपचुनाव का पूरा शेड्यूल?
निर्वाचन आयोग द्वारा शेड्यूल के अनुसार उपचुनाव की अधिसूचना 26 अक्टूबर (सोमवार) को जारी की जाएगी. नॉमिनेशन करने के लिए आखिरी तारीख 2 नवंबर 2026 (मंगलवार) है. नाम वापस लेने के लिए अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 (गुरुवार) को है. 12 नवंबर 2026 (गुरुवार) को मतदान होगा. वोटिंग सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगी. इसी दिन शाम 5 बजे से मतों की गणना की जाएगी. 16 नवंबर 2026 को निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
एल मुरुगन ने क्यों दिया इस्तीफा?
केंद्रीय सूचना प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने मंगलवार (13 अक्टूबर) को मंत्री और राज्यसभा सदस्यता से अचानक इस्तीफा दे दिया. इस त्यागपत्र के साथ ही उन्होंने वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि वे जमीनी स्तर पर कार्य करना चाहते हैं. भारतीय जनता पार्टी के लिए पूरी तरह जुटना चाहते हैं. साल 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव के बारे में भी बोला. कहा कि तमिलनाडु में बीजेपी के प्रति जनता का स्नेह और प्रेम देखने को मिला. इसके बदौलत पार्टी और अच्छा प्रदर्शन कर सकती है.
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड IAS हत्याकांड: 22 दिन बाद भी आरोपी का सुराग नहीं, IAS एसोसिएशन ने CM मोहन यादव से की मुलाकात, SIT गठित
किस पार्टी का पलड़ा भारी?
मध्य प्रदेश में बीजेपी के हौंसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं. राज्य की तीन राज्यसभा सीट पर चुनाव हुए थे. जिसमें BJP के तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवट निर्विरोध चुने गए थे. वहीं संख्याबल की बात करें तो एमपी विधानसभा में कुल 230 सदस्य हैं. इनमें से 164 बीजेपी, 65 कांग्रेस और एक भारत आदिवासी पार्टी के विधायक हैं. इस तरह देखा जाए तो सत्तारूढ़ पार्टी का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है.
