इन 12 सवालों पर हां या ना में मांगे जा रहे जवाब, CM मोहन यादव के निर्देश पर शुरू हुआ UCC का सर्वे
CM मोहन यादव
गोवा और उत्तराखंड के बाद अब मध्य प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की कवायद तेज हो गई है. मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार आगामी मानसून सत्र में समान नागरिक संहिता (UCC) प्रस्ताव लाने की पूरी तैयारी में है. इसको लेकर सीएम ने कहा कि इसी मानसून सत्र में यूसीसी का प्रस्ताव विधानसभा में लाया जा रहा है और महाकाल चाहेंगे तो इसी सत्र में यह प्रस्ताव पारित भी हो जाएगा. एमपी सरकार ने इसे लेकर सर्वे भी शुरू कर दिया है.
सुझाव जुटाने की कवायद तेज
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश मध्यप्रदेश में UCC कानून का सर्वे शुरू हो गया है. समान नागरिक संहिता (UCC) पर प्रदेशभर में हर गांव, कस्बे और शहरों से सुझाव जुटाने की कवायद तेज हो गई है. इस सर्वे के तहत नाम, धर्म, जिला, पता, मोबाइल नंबर समेत जैसी जानकारी लोगों से ली जा रही है. वहीं 12 सवालों पर “हां” या “ना” में जवाब मांगे जा रहे हैं.
गांव-गांव जाकर फॉर्म भरवा रहे कर्मचारी
इनमें से अधिकांश सवाल महिलाओं के अधिकार, तलाक और लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े हुए हैं. सर्वे कर रहे कर्मचारी गांव-गांव जाकर फॉर्म भरवा रहे हैं. इस सर्वे की जिम्मेदारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों को सौंपी गई. सभी को प्रतिदिन 10 फॉर्म भरवाने का लक्ष्य दिया गया है साथ ही फॉर्म भरवाने के बाद स्क्रीनशॉट अधिकारियों को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं.
वर्षाकालीन सत्र में लाया जाएगा बिल-सीएम मोहन यादव
UCC पर सीएम मोहन यादव का भी नया बयान सामने आया है. उन्होंने कहा है कि मध्यप्रदेश उन बड़े राज्यों में शामिल होने जा रहा है जिसमें UCC लागू होगा. सरकार वर्षाकालीन सत्र के पहले इस बिल को पास कराने के प्रयासों में जुटी है. जब एक देश, एक भाषा, एक विधान, एक निशान, एक प्रधान है तो अलग अलग क़ानून का क्या अर्थ है? सीएम ने कहा कि जैसे 2 राज्यों में UCC लागू हुआ है वैसे ही अब एमपी में लागू होगा.
UCC कानून पर आगे बढ़ रहा एमपी-सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने आगे कहा है कि एमपी भी अब एक समान कानून पर आगे बढ़ रहा है इसे लेकर हमने कमेटी भी गठित कर दी है इसे लेकर हम सभी अधिकारियों और विशेषज्ञों से सुझाव ले रहे हैं. कई प्रकार के अच्छे सुझाव मुस्लिम भाई बहनों से भी मिले हैं. सभी ने इस सुझाव और यूसीसी को सकारात्मकता से लिया है.