NEET परीक्षा की धांधली को लेकर राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ शुरू किया, जीतू पटवारी बोले- छात्रों से संवाद करके जनआंदोलन करेंगे
जीतू पटवारी ने कहा कि 'छात्रों की गूंज' अभियान से जोड़कर जनआंदोलन करेंगे.
MP News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने NEET परीक्षा में हुई धांधली को लेकर राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान शुरू किया है. राहुल गांधी ने युवाओं को इस अभियान से जुड़ने की अपील की है. वहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि छात्रों को इस अभियान से जोड़कर जन आंदोलन करेंगे.
‘युवा मामलों की समिति का गठन किया गया’
जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट करके कहा, ‘नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने NEET परीक्षा में हुई धांधली और उससे प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत की है. इसी अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के युवाओं और पीड़ित छात्रों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को समझते हुए आगे की रणनीति तैयार करने हेतु प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी के अनुमोदन के बाद ‘युवा मामलों’ की समिति का गठन किया गया है.
मुझे विश्वास है कि हम सभी मिलकर छात्रों की आवाज को और अधिक बुलंद करेंगे और इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए छात्रों को न्याय दिलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे.’
नेता प्रतिपक्ष आदरणीय @RahulGandhi जी ने NEET परीक्षा में हुई धांधली और उससे प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने के लिए “छात्रों की गूंज” अभियान की शुरुआत की है।
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) June 18, 2026
इसी अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश के युवाओं और पीड़ित छात्रों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को… pic.twitter.com/rQsyo3vKW6
‘ये अभियान छात्रों के टूटे सपनों की आवाज है’
राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले में छात्रों की गूंज अभियान की शुरुआत की है. इसमें उन्होंने युवाओं से जुड़ने का आह्वान किया है. राहुल गांधी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सस्ती शिक्षा, निष्पक्ष परीक्षा और सम्मानजनक रोजगार की मांग को सरकार तक पहुंचाना है. राहुल गांधी ने एक्स पर ट्वीट किया, ‘अगर आपने पेपर लीक, परीक्षा में धांधली, या महंगी फीस का दर्द झेला है. अगर इस व्यवस्था ने आपके सपने तोड़े हैं. अगर आपके परिवार ने आपकी पढ़ाई के लिए जीवनभर की कमाई लगा दी है. तो सुनिए ‘छात्रों की गूंज’ आपकी आवाज है. यह सिर्फ एक अभियान नहीं, यह आपकी मांग को सरकार तक पहुंचाने का जरिया है. सस्ती शिक्षा. निष्पक्ष परीक्षा. सम्मानजनक रोजगार.’
ये भी पढे़ं: रतलाम में मुरैना जैसा हादसा टला, रणथंभौर एक्सप्रेस से निकला धुआं, आग लगने के डर से यात्री दूसरे ट्रैक पर कूदे