MP में अगले 2 दिनों तक दिखेगा तूफान ‘मुरासु’ का असर, रीवा-सतना समेत 15 जिलों के लिए आंधी-बारिश का यलो अलर्ट
सांकेतिक तस्वीर (स्त्रोत - ANI)
MP Cyclone Murasu Weather Impact: आंध्र प्रदेश के समुद्री तट से टकराने के बाद तूफान ‘मुरासु’ तेजी से आगे की ओर बढ़ रहा है. करीब 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही हैं और तेज बारिश देखने को मिल रही है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक तूफान आंध्र प्रदेश को पार करके तेलंगाना, महाराष्ट्र होते हुए मध्य प्रदेश पहुंचेगा. बंगाल की खाड़ी में पैदा हुए इस चक्रवाती तूफान से प्रदेश का पूर्वी हिस्सा प्रभावित होगा. इसका असर भी दिखना शुरू हो गया है. सोमवार (2 नवंबर) को राजधानी भोपाल समेत कई जिलों में बादल छाए रहे.
अगले दो दिनों तक दिखेगा असर
चक्रवात ‘अर्नब’ के बाद ‘मुरासु’ की वजह से मध्य प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक रीवा, जबलपुर, शहडोल और नर्मदापुरम जिलों में आंधी-बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, मैहर और पांढुर्णा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है.
तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और सागर संभाग के जिलों में तापमान 2.1 से 4.1 डिग्री सेल्सियस तक गिरे. इससे लोगों को नवंबर के पहले सप्ताह में ही स्वेटर और जैकेट का सहारा लेना पड़ रहा है. वहीं, इससे उलट ग्वालियर और शहडोल संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 4.3 से 4.6 डिग्री अधिक रहे.
ये भी पढ़ें: देवास TI मर्डर केस में बड़ा एक्शन, तीन आबकारी अधिकारी-कर्मचारी निलंबित
शाजापुर का गिरवर सबसे ठंडा रहा
मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान शाजापुर जिले का गिरवर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा. दमोह में 14.8 डिग्री, भोपाल में 15 डिग्री, नर्मदापुरम जिले में स्थित हिल स्टेशन पचमढ़ी में 15.4 डिग्री और कटनी जिले के करौंदी में 15.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. राजधानी भोपाल पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडा रहा. राज्य का सबसे ज्यादा तापमान रतलाम और नर्मदापुरम में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.