MP News: मध्य प्रदेश के हरदा जिले में पुरानी रंजिश के चलते एक 45 वर्षीय युवक की सरेआम हत्या का मामला सामने आया है. टिमरनी थाना क्षेत्र के गोदड़ी गांव में आरोपियों ने राकेश यादव पर दराती से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों में मृतक की बहन के जेठ लाल सिंह और उनका बेटा जितेंद्र सिंह शामिल हैं.
साइट से लौटते समय किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक, राकेश यादव मिस्त्री का काम करते थे. घटना के समय वह काम की साइट देखकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान गांव के ही लाल सिंह और जितेंद्र सिंह ने उन्हें रास्ते में रोक लिया. इसके बाद उन पर दराती से हमला कर दिया. हमले में राकेश के सिर और कान पर गंभीर चोटें आईं.
पुलिस और एंबुलेंस नहीं पहुंचने का आरोप
मोहन यादव ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंची. एंबुलेंस भी उपलब्ध नहीं हो सकी. ऐसे में परिजन घायल राकेश को अपनी गाड़ी से अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद टिमरनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद था. परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं.
वारदात का वीडियो वायरल, पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. बीच सड़क पर हुए हमले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, घटना के दौरान पुलिस और एंबुलेंस के पहुंचने में देरी के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा.
