MP News: मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) द्वारा भोपाल एवं इंदौर मेट्रो के यात्रियों को सुविधाजनक, सुगम एवं आधुनिक यात्रा अनुभव प्रदान करने की दिशा में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) की सुविधा 12 नवंबर 2026 से प्रारंभ की जा रही है. इस सुविधा के माध्यम से यात्री स्मार्ट कार्ड का उपयोग कर मेट्रो में यात्रा कर सकेंगे तथा प्रत्येक यात्रा पर 25 प्रतिशत की छूट का लाभ प्राप्त कर सकेंगे. विशेष बात यह है कि इस कार्ड का प्रयोग देश की उन सभी मेट्रो में किया जा सकेगा, जहां NCMC की व्यवस्था लागू है.
अब बार-बार टिकट खरीदने की आवश्यकता नहीं
NCMC एक आधुनिक स्मार्ट कार्ड आधारित टिकटिंग सुविधा है, जिसके माध्यम से यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने की आवश्यकता नहीं होगी. यात्री अपने NCMC कार्ड का उपयोग मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश एवं निकास के लिए कर सकेंगे. इससे यात्रियों को टिकट काउंटरों पर कतार में लगने की आवश्यकता कम होगी तथा यात्रा अधिक सहज एवं समयबद्ध बनेगी.
मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे NCMC कार्ड
यात्री भोपाल एवं इंदौर मेट्रो के सभी स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट काउंटरों से NCMC कार्ड प्राप्त कर सकते हैं. कार्ड जारी करने का शुल्क मात्र ₹50/- निर्धारित है, जो नॉन-रिफंडेबल होगा. कार्ड प्राप्त करने के बाद यात्री उसमें आवश्यक राशि रिचार्ज कर मेट्रो यात्रा के लिए उपयोग कर सकेंगे.
NCMC कार्ड से यात्रा पर 25 प्रतिशत की छूट
यात्रियों को सिंगल जर्नी यात्रा पर पहले से प्रदान की जा रही 25 प्रतिशत की छूट, NCMC कार्ड पर यथावत रहेगी. यह छूट उन यात्राओं पर लागू होगी, जिनका निर्धारित किराया ₹20 से अधिक है. यह सुविधा भोपाल एवं इंदौर मेट्रो दोनों में उपलब्ध होगी. इस प्रकार स्मार्ट कार्ड के उपयोग से यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के साथ आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा.
कार्ड रिचार्ज के लिए उपलब्ध होंगे कई विकल्प
यात्रियों की सुविधा के लिए NCMC कार्ड को रिचार्ज करने हेतु विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं. यात्री निम्न माध्यमों से कार्ड में राशि जोड़ सकते हैं.
- मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट काउंटर
- टिकट वेंडिंग मशीन (TVM)
- MP Metro मोबाइल ऐप
यात्री मात्र 30 सेकंड में प्राप्त कर रहे टिकट
भोपाल एवं इंदौर मेट्रो के स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) की सुविधा भी प्रारंभ की गई है. यात्री मशीन के माध्यम से स्वयं QR टिकट प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए यात्री को ‘Buy QR Ticket’ विकल्प चुनकर गंतव्य स्टेशन का चयन करना होगा. इसके पश्चात स्क्रीन पर निर्धारित किराया प्रदर्शित होगा. यात्री UPI के माध्यम से QR कोड स्कैन कर भुगतान कर सकेंगे तथा भुगतान सफल होने पर मशीन से टिकट प्राप्त कर सकेंगे. इस प्रक्रिया में यात्रियों को लगभग 30 सेकंड में टिकट उपलब्ध हो सकेगा.
डिजिटल टिकटिंग एवं कैशलेस भुगतान की सुविधा
भोपाल एवं इंदौर मेट्रो में यात्रियों के लिए टिकट प्राप्त करने के विभिन्न विकल्प उपलब्ध हैं. यात्री MP Metro मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट बुक कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त स्टेशन टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशीन तथा NCMC स्मार्ट कार्ड के माध्यम से भी यात्रा की सुविधा उपलब्ध है. डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था में UPI, QR कोड एवं ई-वॉलेट जैसे कैशलेस भुगतान विकल्पों का उपयोग किया जा सकता है.
मेट्रो यात्रियों को मिल रहा है विशेष किराया छूट का लाभ
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा यात्रियों को प्रोत्साहित करने एवं मेट्रो यात्रा को अधिक किफायती बनाने के उद्देश्य से विशेष प्रमोशनल डिस्काउंट व्यवस्था लागू की गई है. 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक लागू इस व्यवस्था के अंतर्गत यात्रियों को विभिन्न टिकट श्रेणियों में छूट का लाभ मिल रहा है.
- सिंगल जर्नी टिकट (SJT): 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट
- रिटर्न जर्नी टिकट (RJT): कुल 30 प्रतिशत छूट
- ग्रुप टिकट (GT): कुल 35 प्रतिशत छूट
- ग्रुप टिकट सुविधा: न्यूनतम 2 यात्रियों के लिए उपलब्ध
- ई-वॉलेट रिचार्ज बोनस: रिचार्ज राशि के अनुसार 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस
- छूट की वैधता: 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक
- ₹20 के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत प्रमोशनल छूट लागू नहीं है
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टिकटिंग प्रणाली को निरंतर सरल एवं तकनीकी रूप से उन्नत बनाया जा रहा है. NCMC स्मार्ट कार्ड, टिकट वेंडिंग मशीन एवं डिजिटल टिकटिंग जैसी सुविधाएं भोपाल एवं इंदौर मेट्रो में यात्रियों के यात्रा अनुभव को अधिक सहज एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं.
