Vistaar NEWS

Bhopal: नाबालिग छात्रा ने की आत्महत्या, कमरे में मिली गर्भनिरोधक गोलियां, पिता बोले- इसके बारे में जानकारी नहीं

Symbolic picture.

सांकेतिक तस्वीर.

Bhopal News: राजधानी भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र में एक 17 साल की छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी. घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है. पुलिस ने मौके पर से एक मोबाइल फोन और गर्भनिरोधक गोलियों का पत्ता बरामद किया है. बुधवार को शव का पोस्टमार्टम हुआ है. पूरे मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, छात्रा ने इस साल ही 12वीं की परीक्षा पास की थी. वह भोपाल में अपने पिता के साथ रहती थी, जबकि उसकी मां 2017 से उन दोनों से अलग रह रही है. मृतक के परिवार में एक छोटा भाई और एक बहन भी है.

छोटे भाई-बहन ने खटखटाया दरवाजा

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय दोनों छोटे भाई-बहन घर के बाहर खेल रहे थे. रात में घर लौटे तो उन्होंने बहन को आवाज भी लगाई, लेकिन कमरे के अंदर से कोई आवाज नहीं आई. दोनों ने कई बार दरवाजा भी खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. बाद में उन्होंने अपने चाचा को इसकी सूचना दी. चाचा ने छात्रा के पिता को मौके पर बुलाया.

पिता जैसे ही घर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजे के छेद से अंदर देखा. इसके बाद किसी किसी तरह से दरवाजा खोला गया तो देखा कि छात्रा फंदे पर लटकी हुई है. इस घटना के बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई.

घटना स्थल से मिला मोबाइल फोन और गर्भनिरोधक गोलियां

घटनास्थल पर जब पुलिस पहुंची तो उन्हें वहां मोबाइल फोन मिला साथ ही गर्भनिरोधक गोलियों का पत्ता भी मिला. इसके बारे में मृतक के पिता ने कहा कि उन्होंने बेटी को कभी मोबाइल फाेन नहीं दिलाया था. घटनास्‍थल पर जो मिला है उसके बारे में उनको कोई जानकारी नहीं है. कमरे में मिली गर्भनिरोधक गोलियों के बारे में भी पिता ने कहा कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है. मृतक के पिता ने पुलिस से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

जांच में जुटी पुलिस

बजरिया थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन की जांच और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्‍यान में रखकर जांच में जुटी है. 

ये भी पढे़ं- 4 महीने की प्रेग्नेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार के खिलाफ जाकर की थी शादी; परिजन बोले- हाथ की कलाई कटी मिली

Exit mobile version