MP News: मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने कैबिनेट बैठक में प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ाने वाले फैसले लिए है. कैबिनेट ने जिन फैसलो को मंजूरी दी है उनकी घोषणा पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौक पर लाल किले से की थी.
मोहन सरकार की कैबिनेट बैठक में विज्ञान-तकनीक, ‘खेल खोज प्रतिभा अभियान’, युवाओं काे एआई ट्रेनिंग और मुफ्त कोचिंग देने का फैसला लिया है.
492 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मंजूरी
प्रदेश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र को बेहतर बनाने और बढ़ावा देने के लिए मोहन कैबिनेट ने आगामी पांच वर्षों के लिए 492 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मंजूरी दी है. सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से प्रदेश में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में मजबूती मिलेगी साथ ही बदलाव भी देखने को मिलेंगे.
राज्य सरकार ने बताया कि आने वाले पांच सालों में 492 करोड़ रुपये से विभिन्न योजनाएं संचालित की जाएगी. वर्तमान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का बजट 734 करोड़ रुपये है. सरकार का कहना है कि इससे प्रदेश में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा.
गांव-गांव चलेगा टैलेंट हंट अभियान
कैबिनेट बैठक में प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी को तैयार करने के लिए गांव-गांव में टैलेंट हंट अभियान चलाया जाएगा और चयनित बच्चों को ट्रेनिंग दी जाएगी. कैबिनेट फैसलों की जानकारी देते हुए मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर खेल खोज प्रतिभा अभियान की घोषणा की थी, जिसके तहत मध्य प्रदेश में 5 से 15 साल के बच्चों में प्रतिभा दूंढने के लिए गांव में टैलेंट हंट अभियान चलाया जाएगा और चुने गए बच्चों को विशेष प्रशिक्षण देकर अच्छा खिलाड़ी बनाए जाने की दिशा में काम किया जाएगा.
1 करोड़ युवाओं को मिलेगी एआई की ट्रेनिंग
मोहन कैबिनेट ने युवाओं को भी कई सौगात दी है. मंत्री राकेश सिंह ने कैबिनेट की फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं को विभिन्न परीक्षाओं में फ्री ऑनलाइन कोचिंग देने का फैसला लिया गया है. उन्हाेंने बताया कि आगामी 1 साल में एक करोड़ युवाओं को एआई का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. मंत्री ने कहा कि आने वाला समय एआई का है और युवा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े और कंधे से कंधा मिलाकर काम करें इसके लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा.
