MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री 15 से 18 जून के बीच होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार मानसून प्रदेश में इंदौर और जबलपुर संभाग के रास्ते प्रवेश कर सकता है. इसके लिए छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, बैतूल, बड़वानी, खरगोन और बुरहानपुर जैसे जिले संभावित प्रवेश द्वार माने जा रहे हैं. मानसून के आगमन से पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी रहेंगी.
20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
मंगलवार को प्रदेश के करीब 20 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान है. प्रभावित जिलों में बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया और शहडोल समेत कई क्षेत्र शामिल हैं. इन इलाकों में मौसम का मिजाज अचानक बदल सकता है.
दो दिन लू का भी खतरा
मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 जून तक प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रहने के साथ-साथ गर्मी का प्रभाव भी बना रहेगा. वहीं 10 और 11 जून को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. इन क्षेत्रों में दिन के समय तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है.
कई जिलों में 42 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. मंडला सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. छिंदवाड़ा में 42.1 डिग्री और खजुराहो में 42 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 41.6 डिग्री, जबलपुर में 40 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री, भोपाल में 38.7 डिग्री और इंदौर में 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. इसके अलावा दमोह, मलाजखंड, राजगढ़, नरसिंहपुर, दतिया, शाजापुर, खंडवा और गुना सहित कई शहरों में भी गर्मी का असर बना रहा.
