13 New IAS Officers for MP: मध्य प्रदेश को जल्द ही 13 नए IAS अधिकारी मिल सकते हैं. दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्मिक विभाग में सोमवार को विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की मीटिंग होनी है. इसमें राज्य प्रशासनिक सेवा के 39 अधिकारियों के नाम पर चर्चा की जाएगी. वरिष्ठता के आधार पर अफसरों को IAS अवॉर्ड किया जाएगा. जिन 13 अफसरों के नाम पर विचार किया जा रहा है, उनमें से 4 पर अलग-अलग तरह के विवाद हैं. इनमें 9 नाम महिला अधिकारियों के भी हैं.
इन अधिकारियों को मिल सकती है जिम्मेदारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक GAD के उप सचिव जयेंद्र कुमार विजयवत, राज्य निर्वाचन आयोग में उप सचिव मनोज मालवीय, परिवहन विभाग के उप सचिव कमल चंद्र नागर, शहडोल जिला अपर कलेक्टर मिनिषा पांडेय, भोपाल जिला पंचायत CEO इला तिवारी, इंदौर संभाग उपायुक्त (रेवेन्यू) सपना एम लोवंशी, बुरहानपुर अपर कलेक्टर नीता राठौर, शाजापुर जिला पंचायत CEO शैलेंद्र सिंह सोलंकी, लोकायुक्त कार्यालय (भोपाल) उप सचिव रानी पासी, आयुष विभाग उप सचिव रंजना देवड़ा, महिला और बाल विकास विभाग उप सचिव माधवी नागेंद्र, पर्यावरण विभाग में उप सचिव और मध्य प्रदेश PCB प्रभारी सदस्य सचिव वर्षा सोलंकी और माध्यमिक शिक्षा मंडल में तैनात अतिरिक्त सचिव प्रियंका गोयल का नाम शामिल है. बताया जा रहा है कि इन्हीं नामों में से 4 पर अलग-अलग तरह के विवाद है.
ये भी पढ़ें: MP में चार IAS अफसरों का तबादला, राम प्रकाश अहिरवार होंगे भोपाल नगर निगम आयुक्त
कांग्रेस नेता ने जताई आपत्ति
जिन चार नामों पर विवाद है, उनमें महीप किशोर तेजस्वी और सपना एम लोवंशी के नाम पर विवाद है. समाचार समूह पत्रिका के अनुसार कांग्रेस नेता केके मिश्रा ने तेजस्वी के नाम पर आपत्ति जताई है. वहीं, लोवंशी के नाम पर एक RTI कार्यकर्ता ने पब्लिकली विरोध जताया था. हालांकि इस बात की जानकारी नहीं है कि GAD इस बारे में जानता है या नहीं.
