Digvijay Statement for 2028 Elections: मध्यप्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के चेहरे को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व को लेकर बड़ा बयान दिया है. दिग्विजय सिंह के मुताबिक, मध्यप्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा. हालांकि, दिग्विजय सिंह इन दिनों सत्य सनातन यात्रा पर हैं, लेकिन उनकी यात्रा में धार्मिक के साथ राजनीतिक समीकरण भी दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान दिग्गी ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को लेकर भी अपनी बात रखी है. कांग्रेस ने 2028 के लिए अपनी नई लीडरशिप तैयार कर ली है? इस सवाल का जवाब भी मिलता हुआ दिख रहा है.
2028 के चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारी
मध्यप्रदेश कांग्रेस में 2028 के चुनावी चेहरे को लेकर तस्वीर धीरे-धीरे साफ होती दिखाई दे रही है. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने साफ तौर पर कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा. दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी की चर्चाओं को भी खारिज किया.उनका कहना है कि पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं है
सत्य सनातन यात्रा कर रहे पूर्व सीएम
दिग्विजय सिंह इन दिनों सत्य सनातन यात्रा निकाल रहे हैं. यात्रा के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों के साथ राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा हो रही है. राहुल गांधी से मुलाकात के बाद जीतू पटवारी और उमंग सिंघार की भूमिका को लेकर दिग्विजय सिंह का बयान अहम माना जा रहा है. कांग्रेस के भीतर इसे नई लीडरशिप को आगे बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है
बीजेपी ने भी प्रतिक्रिया दी है
जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व को लेकर दिग्विजय सिंह के बयान पर बीजेपी ने भी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने दोनों नेताओं के बारे में कुछ अच्छा सोचकर ही बयान दिया होगा. उन्होंने इसे कांग्रेस का अंदरूनी मामला बताया. सबनानी ने तंज कसते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह ने अपने बेटे के बारे में भी कुछ सोच रखा होगा. बीजेपी विधायक का कहना है कि भाजपा जनता के लिए काम करती है, जबकि कांग्रेस के नेता अपने लिए काम कर रहे हैं.
वहीं कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने जीतू पटवारी और उमंग सिंघार का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि दोनों युवा नेता हैं. अच्छा काम करेंगे तो पार्टी उन्हें और भी जिम्मेदारियां देगी. नायक ने बीजेपी से कहा कि वह कांग्रेस की चिंता न करे, जवाब पूरा मिलेगा.
जनता के भीतर मुद्दा उठा रहे हैं दोनों नेता
वरिष्ठ पत्रकार दिनेश निगम त्यागी का मानना है कि जीतू पटवारी और उमंग सिंघार को जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों नेता सदन के भीतर और कार्यकर्ताओं के बीच जनता के मुद्दे उठा रहे हैं. उनके मुताबिक, कांग्रेस ने नई पीढ़ी के नेताओं को आगे रखने का फैसला किया है.
त्यागी का कहना है कि कांग्रेस के कई बड़े नेता, जिनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुरेश पचौरी जैसे नाम शामिल हैं, अब पार्टी में नहीं हैं. वहीं कमलनाथ की भूमिका भी पहले की तुलना में कम सक्रिय दिखाई देती है. ऐसे में पार्टी ने नए और ऊर्जावान नेताओं को आगे रखने की रणनीति बनाई है. उनके मुताबिक, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार को मिली जिम्मेदारी इस बात का संकेत है कि कांग्रेस आगामी चुनाव में उनके नेतृत्व पर भरोसा कर सकती है.
मध्यप्रदेश में कांग्रेस-भाजपा का चुनावी मुकाबला
- 2003 से 2023 तक विधानसभा चुनावों में भाजपा को कांग्रेस की तुलना में अधिक वोट प्रतिशत मिला.
- 2018 में कांग्रेस 114 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी और बसपा के समर्थन से सरकार बनाई.
- 2018 में भाजपा को 41.06% और कांग्रेस को 41.05% वोट मिले.
- मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया और 22 कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बाद कमलनाथ सरकार गिरी.
- शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार दोबारा बनी.
- 2023 में भाजपा ने 48.55% वोट हासिल किए.
- भारत आदिवासी पार्टी ने 0.39% वोट के साथ एक सीट जीती.
अब देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस की नई लीडरशिप बीजेपी के मजबूत संगठन को किस तरह चुनौती देती है. बीजेपी एक चुनाव के बाद दूसरे चुनाव की तैयारी में जुट जाती है, जबकि कांग्रेस पर संगठनात्मक कमजोरी के आरोप लगते रहे हैं. जनता के मुद्दों को लेकर जीतू पटवारी और उमंग सिंघार विधानसभा से लेकर सड़कों तक संघर्ष कर रहे हैं. ऐसे में पार्टी ने 2028 के लिए उनकी भूमिका को लेकर कोई बड़ा फैसला किया है या नहीं, यह आने वाले समय में साफ होगा. फिलहाल दिग्विजय सिंह के बयान ने सियासी हलचल तेज कर दी है. 2028 की लड़ाई में जीतू और उमंग कांग्रेस को कितनी सफलता दिला पाते हैं, इसका जवाब चुनाव के नतीजों में मिलेगा.
