Sunil Lodhi: भोपाल: सोशल मीडिया कि दुनिया में किस्मत बदलते समय नहीं लगता अगर हुनर सच्चा हो तो. मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड के दृष्टीहीन सिंगर सुनील लोधी इस बात का जीता जागता सुबूत है. ‘हनुमान अंश’ फिल्म के सुपरहिट गाने ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ गाने से फेमस हुए सुनील अब खुद एक सुपरस्टार बन गए हैं. पर किसे पता था कि उनका जुबिन नौटियाल से मिलने का सपना इतने जल्दी पूरा हो जाएगा. हाल ही में भजन गायक सुनील की मुलाकात फेमस सिंगर जुबिन नौटियाल से हुई. यहीं नहीं दोनों ने साथ में गाना भी गाया.
जुबिन नौटियाल संग मिलाया सुर से सुर
दरअसल मध्यप्रदेश के युवा भजन गायक सुनील लोधी ने प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल से मिलने की अपनी इच्छा सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार माध्यमों के जरिए व्यक्त की थी. सुनील लोधी की इस इच्छा को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने गंभीरता से लेते हुए उन्हें जुबिन नौटियाल से मिलवाने की पहल की. श्याम टेलर ने इस मुलाकात के माध्यम से न केवल एक युवा कलाकार की इच्छा को पूरा करने में सहयोग किया, बल्कि मध्यप्रदेश के युवाओं की आवाज़ को मंच और अवसर दिलाने की अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई.
सुनील ने साझा किया अपना अनुभव
मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने जुबिन नौटियाल से भेंट कर अपने संगीत एवं भजन गायन से जुड़े अनुभव साझा किए. इस अवसर पर जुबिन नौटियाल ने भी सुनील लोधी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
BJYM के प्रदेश अध्यक्ष का जताया आभार
सुनील लोधी ने इस अवसर पर श्याम टेलर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक युवा की आवाज़ को सुना और उसकी इच्छा को पूरा करने के लिए स्वयं माध्यम बने. यह मुलाकात इस बात का उदाहरण है कि जब जनप्रतिनिधि एवं युवा नेतृत्व युवाओं की प्रतिभा और सपनों को समझकर उनके साथ खड़ा होता है, तो छोटी-सी इच्छा भी एक यादगार अवसर में बदल सकती है.
लंबे समय से जुबिन से मिलना चाहते थे सुनील
बता दें कि 25 वर्षीय सुनील ने बताया था कि उनका सपना था कि वे एक दिन फेमस सिंगर जुबिन नौटियाल से मिलें. आज सुनिल ने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर इस मुलाकात की जानकारी दी. कैप्शन में सिर्फ एक सब्द लिखा है निशब्द जिससे समझ आता है कि ये मुलाकात उनके लिए क्या मायने रखती है.
