Vistaar NEWS

MP Cabinet Decisions: भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, मोहन कैबिनेट में इन फैसलों पर भी लगी मुहर

Cabinet Decisions

CM मोहन यादव

MP Cabinet Decisions: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में लोकहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई. बैठक के बाद स्कूल एवं परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी. सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक सुरक्षा, कृषि, महिला एवं वीरता पुरस्कार और जांच से जुड़े कई प्रस्तावों को हरी झंडी दी है.

कैबिनेट ने भोपाल से विदिशा के बीच फोरलेन सड़क परियोजना को मंजूरी दी है. इस परियोजना पर 1700 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च होगी. सरकार का कहना है कि भोपाल को मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. फोरलेन बनने से भोपाल और विदिशा के बीच आवागमन आसान होने के साथ यातायात दबाव भी कम होगा.

खंडवा में बनेगा औद्योगिक सुरक्षा बल

कैबिनेट ने खंडवा में औद्योगिक सुरक्षा बल के गठन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है. औद्योगिक क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इससे औद्योगिक परियोजनाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी.

सोयाबीन रिसर्च सेंटर के लिए 20 हेक्टेयर जमीन

सरकार ने सोयाबीन अनुसंधान केंद्र के लिए इच्छावर में 20 हेक्टेयर भूमि निशुल्क आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. मध्यप्रदेश में सोयाबीन उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर तकनीक एवं अनुसंधान का लाभ देने के उद्देश्य से यह केंद्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

रानी दुर्गावती और रानी अवंतिका बाई पुरस्कार की राशि बढ़ी

कैबिनेट ने रानी दुर्गावती पुरस्कार और रानी अवंतिका बाई वीरता पुरस्कार की राशि बढ़ाकर दो-दो लाख रुपए करने का फैसला किया है. सरकार का कहना है कि वीरता और उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में वृद्धि की गई है.

देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट की होगी जांच

देवास में पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय जांच समिति गठित करने का निर्णय लिया गया है. मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

14 अगस्त को प्रदेशभर में कार्यक्रम

कैबिनेट बैठक में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित करने की जानकारी भी दी गई. सरकार की ओर से विभाजन के दौरान जान गंवाने और विस्थापित हुए लोगों की स्मृति में विभिन्न कार्यक्रम किए जाएंगे.

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में इस वर्ष को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है. साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर भी सरकार का जोर है. दूध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

एविएशन और एयर कनेक्टिविटी पर जोर

राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश एविएशन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. वहीं मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के भी सकारात्मक परिणाम सामने आने का दावा किया गया.

बारिश को लेकर मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त वर्षा हुई है. अब सरकार की चिंता अतिवृष्टि को लेकर है. किसानों को पर्याप्त पानी और बिजली उपलब्ध होने की बात भी उन्होंने कही.

ये भी पढ़ें:‘आधी रात तुर्की में बदला व‍िमान…’,डोनाल्‍ड ट्रंप की जान को था खतरा, ऐसे रचा गया पूरा सीक्रेट ऑपरेशन

Exit mobile version