मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक की तारीख में बदलाव किया गया है. अब मोहन कैबिनेट की बैठक 23 नवंबर को होगी. पहले बैठक मंगलवार को होने की संभावना थी, लेकिन 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती का सार्वजनिक अवकाश होने के चलते इसे एक दिन पहले आयोजित किया जाएगा.
24 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश
दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार के वर्ष 2026 के अवकाश कैलेंडर के मुताबिक 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित है. इसी वजह से कैबिनेट बैठक सोमवार, 23 नवंबर को आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 नवंबर 2026 से दक्षिण कोरिया और सिंगापुर की पांच दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना होने वाले हैं. उनकी यात्रा से ठीक पहले हो रही इस बैठक में प्रदेश के औद्योगिक निवेश, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास परियोजनाओं से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है.
मंदसौर जिले में हुई थी कैबिनेट बैठक
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 18 नवंबर को मंदसौर जिले के गांधी सागर बांध में एक विशेष ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ बैठक आयोजित की गई थी. उस बैठक में राज्य में नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने, पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना, और दो बच्चों के नियम (Two-Child Rule) में ढील देने जैसे कई बड़े फैसलों को मंजूरी दी गई थी. इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए थे. सरकारी नौकरियों और कर्मचारियों के लिए लागू 25 साल पुरानी ‘दो बच्चों की नीति’ (Two-Child Policy) को खत्म करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है.
इनता ही नहीं उज्जैन में 100 एकड़ भूमि पर ₹237 करोड़ की लागत से ‘डीप-टेक रिसर्च एंड इनोवेशन पार्क’ और नौलखी आरक्षित वन क्षेत्र में ₹855 करोड़ की लागत से ‘फॉरेस्ट जू एवं रेस्क्यू सेंटर’ बनाने का फैसला लिया गया है.
