Bombardier Challenger 3500 Plane: मध्य प्रदेश सरकार का नया आधुनिक जेट विमान बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 भोपाल पहुंच गया है. करीब 234 करोड़ रुपये की लागत से खरीदे गए इस विमान का इस्तेमाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और अन्य अति विशिष्ट व्यक्तियों की यात्राओं के लिए किया जाएगा. विमान कनाडा के टोरंटो से बैंकॉक होते हुए भोपाल पहुंचा. हालांकि, इसे नियमित उड़ान सेवा में शामिल करने से पहले जरूरी कानूनी और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं. अनुमान है कि विमान के नियमित संचालन में डेढ़ से दो महीने का समय लग सकता है.
विमान की क्या खासियत हैं?
बॉम्बार्डियर चैलेंजर-3500 आधुनिक सुविधाओं से लैस व्यावसायिक जेट विमान है. इसकी उड़ान क्षमता लगभग 6,297 से 6,300 किलोमीटर बताई गई है. विमान करीब 45 हजार फीट की अधिकतम ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है, जबकि इसकी अधिकतम गति लगभग 882 किलोमीटर प्रति घंटा है. लंबी दूरी की यात्राओं के लिए तैयार इस विमान से मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी यात्राओं को सुविधाजनक बनाने की योजना है.
कनाडा से प्रशिक्षण लेकर लौटे
नए जेट के संचालन की तैयारी के तहत मध्य प्रदेश के कैप्टन विश्वास राय और कैप्टन अरविंद सिंह कनाडा में प्रशिक्षण लेकर लौटे हैं. समझौते के मुताबिक, विमान निर्माता कंपनी एक साल तक मुख्य पायलट उपलब्ध कराएगी. इस अवधि में प्रदेश के दोनों पायलट सहायक की भूमिका निभाएंगे. इससे उन्हें विमान के संचालन और तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा. सूत्रों के हवाले से यह है जानकारी निकाली है कि कैप्टन विश्वास राय और एक अन्य सहयोगी भी इस विमान को लेकर भोपाल पहुंचे हैं.
268 करोड़ रुपये का होगा बीमा
विमान की सुरक्षा और जोखिम को देखते हुए सरकार करीब 268 करोड़ रुपये का ऑल-रिस्क बीमा कराने की तैयारी में है. इसके लिए सालाना लगभग दो करोड़ रुपये का प्रीमियम आने का अनुमान है. विमान के संचालन से संबंधित बीमा और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करना भी प्रक्रिया का हिस्सा है.
DGCA की मंजूरी के बाद होगा नियमित संचालन
विमान के भोपाल पहुंचने के बाद अब इसके नियमित संचालन की तैयारी की जा रही है. इसके लिए जरूरी कानूनी और तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होना बाकी हैं. नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की टीम भोपाल पहुंचकर आवश्यक जांच और औपचारिकताएं पूरी करेगी. नियामकीय मंजूरी मिलने और शेष प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही विमान नियमित उड़ान सेवा में शामिल हो सकेगा.
ये भी पढ़ें: कोलार में सुनील लोधी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, CM मोहन यादव की मौजूदगी में हुआ 105 फीट के रावण का दहन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की हवाई यात्राओं के लिए विमान का कॉल साइन C-FLRM बताया गया है. हालांकि मध्य प्रदेश एवियशन डिपार्मेंट और ATC के कॉल साइन इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है आगामी कुछ दिनों के अंदर मुख्यमंत्री मोहन यादव हाईटेक और आधुनिक विमान में सफर करते हुए नजर आएंगे सरकार पिछले कई सालों में 270 करोड रुपए निजी कंपनी को सरकारी विमान सेवा के लिए दे चुकी है.
