Vistaar NEWS

बार‍िश से बेहाल MP! इन जिलों में आज जमकर बरसेंगे बदरा, मौसम व‍िभाग जारी किया रेड अलर्ट

MP weather update today

मध्य प्रदेश मौसम, फाइल फोटो

Heavy Rain Next 24 Hours: मध्य प्रदेश में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है. इसके चलते गुरुवार को प्रदेश के आधे हिस्से में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में अति भारी बारिश का रेड अलर्ट है, जबकि छतरपुर, सागर, रायसेन, नरसिंहपुर, सिवनी और बैतूल में ऑरेंज अलर्ट है. इन जिलों में 24 घंटे के दौरान 4 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है.

कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान

सीहोर, आगर-मालवा, राजगढ़, गुना, विदिशा, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, दमोह, पन्ना, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, डिंडौरी, मंडला, पांढुर्णा और बालाघाट में भारी बारिश होने की संभावना है.

भोपाल-ग्वालियर में भी बढ़ेगी बारिश

भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, नर्मदापुरम और चंबल संभाग में 4 सितंबर को सिस्टम का ज्यादा असर दिख सकता है. भोपाल, उज्जैन और ग्वालियर में भारी बारिश का अनुमान है, जबकि इंदौर में तेज बारिश की संभावना कम है.

6 सितंबर तक सक्रिय रहेगा सिस्टम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 5 सितंबर को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश तेज हो सकती है. 6 सितंबर को ग्वालियर-चंबल संभाग में सिस्टम का असर रहेगा. इस दौरान कई इलाकों में तेज से हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है.

बांधों में बढ़ा जलस्तर

लगातार बारिश से प्रदेश के ज्यादातर बांधों में पानी की स्थिति बेहतर हुई है. कई बांधों में जलस्तर 70% तक पहुंच गया है और कुछ के गेट भी खोले गए हैं. हालांकि इंदौर और उज्जैन संभाग के बांधों में अभी स्थिति बेहतर नहीं हुई है.

बड़ा तालाब फुल होने के करीब

भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट पहुंच गया है. अब यह फुल टैंक लेवल से सिर्फ 0.30 फीट नीचे है. तालाब भरने के बाद भदभदा डैम के गेट खोले जा सकते हैं. इससे कलियासोत डैम में भी पानी बढ़ेगा.

सामान्य से 3.4 इंच कम बारिश

प्रदेश में अब तक 714.2 मिमी यानी 28.1 इंच बारिश हुई है. सामान्य आंकड़ा 799.9 मिमी यानी 31.5 इंच है. इस तरह बारिश करीब 3.4 इंच कम है और ओवरऑल कमी 11% है. पूर्वी हिस्से में 4% और पश्चिमी हिस्से में 17% कम बारिश दर्ज हुई है.

16 जिलों में सामान्य से ज्यादा पानी

अनूपपुर, मऊगंज, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी में अब तक औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है.

ये भी पढे़ं- MP Weather: चित्रकूट में सड़कों पर भरा पानी, 400 दुकानें और 25 होटल डूबे, IMD का एमपी के 7 जिलों में अलर्ट

Exit mobile version