मध्य प्रदेश के छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. ये खबर मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों से वर्ष 2021 से 2025 के बीच उत्तीर्ण हुए करीब 30 से 35 लाख विद्यार्थियों से जुड़ी हुई है. इन छात्रों को अब अपनी मार्कशीट या फिर डिग्री के लिए यूनिवर्सिटी और कॉलेजों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है. अब इन सभी छात्रों के जरूरी डॉक्यूमेंट डिजीलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (एबीसी) पोर्टल पर उलपब्ध होंगे.
अपलोट नहीं हो पाई थे डॉक्यूमेंट
दरअसल उस समय तकनीकी बाध्यताओं के कारण छात्रों की अंकसूची, डिग्री और क्रेडिट डिजीलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (एबीसी) पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सके थे. अब ये व्यवस्था शुरू हो जाने के बाद स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा के विद्यार्थियों को अपने महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज डिजिटल रूप में प्राप्त करने में आसानी होगी.
बता दें कि उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों को लंबित रिकॉर्ड जल्द से जल्द अपलोड करने के निर्देश दिए हैं. इस निर्णय का सीधा लाभ प्रदेश के 19 विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग तथा स्वशासी महाविद्यालयों से पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा.
डॉक्यूमेंट अपलोड नहीं कर पा रहे थे शिक्षण संस्थान
केंद्र सरकार के जोनल कोऑर्डिनेटर अभिनव शर्मा के अनुसार शैक्षणिक वर्ष की पाबंदी के कारण संस्थान नवंबर 2025 से परीक्षा वर्ष 2021 से 2024 का डेटा अपलोड नहीं कर पा रहे थे. इसके बाद जून 2026 से परीक्षा वर्ष 2025 का डेटा अपलोड होना भी बंद हो गया था. सस्थानों के पर सारे रिकॉर्ड तो उपलब्ध होते हुए भी छात्र डिजिटल तरीके से उनका एक्सेस नहीं कर पा रहे थे. इतना ही नहीं विद्यार्थियों को एबीसी खाते में शैक्षणिक क्रेडिट जुड़वाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. लेकिन अब ये समस्या जल्द ही खत्म होने वाली है.
