Top Leaders Visit MP: मध्य प्रदेश में आने वाले चार दिन राजनीतिक हलचल भरे रहने वाले हैं. बीजेपी-कांग्रेस के कद्दावर नेताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत का दौरा होने वाला है. नितिन नवीन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आ रहे हैं. वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी 19 सितंबर को इंदौर आ रहे हैं. मालवा रीजन 17 से 20 सितंबर तक पॉलिटिकल हॉटस्पॉट बना रहेगा.
उज्जैन-नीमच का दौरा करेंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जल्द ही एमपी का दौरा करने वाले हैं. हालांकि अभी उनके आने की तारीख तय नहीं है, लेकिन बताया जा रहा है कि वे 17 से 19 सितंबर के बीच आ सकते हैं. जानकारी के मुताबिक नितिन नवीन दिल्ली से सीधे इंदौर के अहिल्याबाई होल्कर हवाई अड्डे पहुंचेंगे. इसके लिए बीजेपी शहर इकाई ने तैयारियां कर ली हैं. नवीन के भव्य स्वागत के लिए कार्यकर्ता पिछले दो दिनों से बैठक कर रहे हैं. जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.
बताया जा रहा है कि इंदौर से बीजेपी अध्यक्ष सीधे उज्जैन के लिए रवाना होंगे. दरअसल, भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन (17 सितंबर) पर सेवा संकल्प अभियान चला रही है. इसके तहत उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में 25 लाख दीये जलाए जाएंगे. इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नीमच में आयोजित आरएसएस प्रकल्प कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें कई बड़े पदाधिकारी शामिल होने वाले हैं.
19 सितंबर को राहुल गांधी का दौरा
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आने वाले हैं. वे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे. पार्टी ने इसकी तैयारियां कर ली हैं. कांग्रेस ने इसे भव्य बनाने की कोशिश कर रही है. पार्टी नेताओं के दावे के मुताबिक इस कार्यक्रम के लिए 1.50 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कर लिया है. अब राहुल के दौरे से पहले नितिन नवीन का दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है. राहुल गांधी के कार्यक्रम से लोगों का ध्यान हटाने के लिए इसे बीजेपी की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें: Bhopal: ‘गंगा-जमुनी तहजीब के लिए ये जरूरी’, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ओवैसी के कार्यक्रम को रद्द करने की उठाई मांग
बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं के साथ-साथ RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का दौरा रहने वाला है. वे उज्जैन आने वाले हैं. वहीं, 20 सितंबर 2026 को संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भोपाल आने वाले हैं. इस हफ्ते एमपी पॉलिटिकल हॉटस्पॉट बनेगा.
