IMD Rain Forecast Update: मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन अब तक औसत का करीब 74 प्रतिशत यानी 27.7 इंच बारिश हो चुकी है. अकेले अगस्त में करीब 12 इंच पानी बरसा. सितंबर में 9.6 इंच बारिश और होने पर प्रदेश में सामान्य 37.3 इंच बारिश का आंकड़ा पार हो जाएगा. अगले चार दिनों में कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट पहुंच गया है. अब यह फुल टैंक लेवल से सिर्फ 0.30 फीट नीचे है.
4 सितंबर तक कई संभागों में बारिश
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के प्रभाव से 4 सितंबर तक जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, भोपाल, नर्मदापुरम, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल संभाग में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा.
उमरिया-बालाघाट में अति भारी बारिश का अलर्ट
मंगलवार को उमरिया और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश हो सकती है. भोपाल समेत कई जिलों में भी तेज बारिश की संभावना है.
पूर्व से पश्चिम की ओर बढ़ेगा सिस्टम
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 1 और 2 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का जोर रहेगा. 3 सितंबर को भोपाल और ग्वालियर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी है. 4 सितंबर को सिस्टम उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग की ओर सक्रिय रहेगा.
डैमों में बढ़ा जलस्तर, बड़े तालाब पर नजर
लगातार बारिश से प्रदेश के ज्यादातर डैम में 70 प्रतिशत तक पानी पहुंच गया है. कुछ जलाशयों के गेट भी खोले जा चुके हैं. भोपाल के बड़े तालाब का जलस्तर 1666.50 फीट पहुंच गया है. अब यह फुल टैंक लेवल से सिर्फ 0.30 फीट नीचे है. तालाब पूरा भरने के बाद भदभदा डैम के गेट खोले जाएंगे. यहां से छोड़ा गया पानी कलियासोत डैम में पहुंचेगा, जिससे उसका जलस्तर भी बढ़ेगा.
सामान्य से 3.1 इंच कम बारिश
प्रदेश में अब तक 702.9 मिलीमीटर यानी 27.7 इंच बारिश दर्ज हुई है. इस अवधि में सामान्य बारिश 30.8 इंच होनी चाहिए थी. यानी अभी करीब 3.1 इंच बारिश कम है. पूर्वी हिस्से में करीब 5 और पश्चिमी हिस्से में 15 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है.
16 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश के 39 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है, जबकि अनूपपुर, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है.
ये भी पढे़ं- MP Weather: चित्रकूट में तबाही के बाद भी नहीं थम रहा बारिश का कहर, आज भी इन जिलों अलर्ट जारी, जानें ताजा मौसम अपडेट
