Vistaar NEWS

MP Weather: मानसून का 95 फीसदी कोटा पूरा, आज रीवा-सतना समेत 7 जिलों में हेवी रेन का अलर्ट

weather

मौसम

MP Weather Update: मानसून की विदाई में अब 3 दिन बचे हैं. इससे पहले बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन और चक्रवात ‘अर्नब’ ने पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश का सिस्टम किया है. इससे शहडोल और रीवा संभागों के जिलों में तेज बारिश हो रही है. नर्मदा समेत कई छोटी-बड़ी नदियां उफान पर हैं. लगातार बारिश की वजह से बरगी, बिलगांव और जोहिला डैम के गेट खोलने पड़े हैं. सबसे ज्यादा असर मंडला, डिंडोरी, उमरिया और रीवा के आसपास के जिलों में देखने को मिला.

इन जिलों के लिए चेतावनी जारी

मौसम विभाग (IMD) ने रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी, भिंड, मुरैना, टीकमगढ़ और छतरपुर में हेवी रेन का अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही राजधानी भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम में हल्की बारिश हो सकती है.

बारिश का 95 फीसदी कोटा पूरा

मध्य प्रदेश में 1 जून से 26 सितंबर तक बात करें तो 35.6 इंच बारिश हो चुकी है. ये कोटे की 95.4 फीसदी है, जो कि सामान्य से अभी भी पीछे है. राजधानी भोपाल और ग्वालियर समेत 25 जिलों में कोटा पूरा हुआ है, लेकिन इंदौर संभाग सबसे ज्यादा पिछड़ा हुआ है. सतना, मऊगंज और उमरिया में 50 इंच बारिश हुई है. वहीं, आलीराजपुर में सबसे कम 20 इंच बारिश हुई है. कुल बारिश की बात करें तो अब तक प्रदेश में 37 इंच बारिश होनी चाहिए थी. इसके विपरीत 35.6 इंच बारिश हुई यानी 1.4 इंच कम बारिश हुई.

ये भी पढ़ें: चित्रकूट का प्रसिद्ध रामघाट फिर से डूबा, खतरे के निशान के पास पहुंची मंदाकिनी, रात भर जागते रहे दुकानदार

मानसून की विदाई में 3 दिन शेष

मानसून की विदाई में अब 3 दिन शेष हैं. सीजन का समय 1 जून से 30 सितंबर तक माना जाता है. अक्तूबर में बारिश होती है तो इसे बोनस के तौर पर देखा जाएगा. राज्य के अलग-अलग डैम में जलस्तर अच्छा है. बरगी, बाणसागर जैसे बड़े बांधों के गेट कई बार खोलने पड़े हैं.

Exit mobile version