Vistaar NEWS

MP Board: 10वीं-12वीं का एग्जाम पैटर्न बदला, इस साल परीक्षा देने वाले छात्रों को करनी होगी और ज्यादा मेहनत

MP Board

फाइल फोटो

MP Board Exam Pattern Changed: इस साल यानी 2027 में मध्य प्रदेश बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में बैठने वाले छात्रों के लिए बेहद जरूरी खबर सामने आई है. माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा जारी सत्र 2026-27 की बोर्ड परीक्षाओं में 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया गया है. यानी कि 17 फरवरी 2027 से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं का प्रश्नपत्र अब नए और बदले हुए पैटर्न के अनुसार ही आएगा. ऐसे में छात्रों के पास अब तैयारी के लिए केवल डेढ़ महीने का ही समय बचा है.

10वीं-12वीं के प्रश्नपत्रों के पैटर्न में बदलाव

दरअसल बोर्ड ने परीक्षा पैटर्न में बदलाव करते हुए 10वीं और 12वीं के प्रश्नपत्रों के पैटर्न में बदलाव करते हुए दो अंक वाले अति लघु उत्तरीय प्रश्नों में मिलने वाला आंतरिक विकल्प (अथवा) समाप्त कर दिया है. यानी कि अब यदि छात्र को दो नंबर का कोई प्रश्न नहीं आता है, तो उसके पास दूसरा सवाल चुनने का विकल्प नहीं रहेगा. इस बदलाव के बाद से अब चुनिंदा चैप्टर या गिने-चुने प्रश्नों को पढ़ लेने से पेपर देना आसान नहीं होगा.

बोर्ड द्वारा जारी पैटर्न के अनुसार केवल 2 अंक वाले प्रश्नों के आंतरिक विकल्प हटाए गए हैं. बाकी तीन अंक वाले लघु उत्तरीय और चार अंक वाले दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों में विद्यार्थियों को पहले की तरह इंटरनल चाइस की सुविधा मिलती रहेगी. हीं, एनएसक्यूएफ यानी कौशल आधारित विषयों में पांच अंक के दीर्घ उत्तरीय और सात अंक के निबंधात्मक प्रश्नों में भी आंतरिक विकल्प का लाभ विद्यार्थियों को दिया जाएगा.

अब छात्रों के करनी होगी ज्यादा मेहनत

2 नंबर वाले प्रश्नों में अथवा वाला विकल्प समाप्त हो जाने से अब छात्रों को हर चैप्टर में गहराई से पढ़ाई करनी होगी. किसी भी अध्याय या टॉपिक को छोड़कर पढ़ाई करना परीक्षा में प्राप्त नंबरों पर असर डाल सकता है. ऐसे में मध्य प्रदेश बोर्ड के छात्रों को अब और ज्यादा मेहनत करने की आवश्यकता है.

दूसरी तरफ अब परीक्षा पैटर्न बदल जाने के बाद छात्रों के बेसब्री से नए ब्लू प्रिंट और मॉडल सैंपल पेपर जारी होने का इंतजार है. ब्लू प्रिंट आने से विषयवार अंक विभाजन और प्रश्नपत्र की संरचना को समझने में स्पष्टता मिलेगी, जबकि सैंपल पेपर से छात्र नए प्रारूप के अनुसार अभ्यास कर सकेंगे.

Exit mobile version