भोपाल सीलिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई, नगर निगम ने पेश की 10 पेज की कार्रवाई रिपोर्ट
सुप्रीम कोर्ट (File Photo)
भोपाल के आवासीय क्षेत्रों में संचालित अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और निर्माणों के मामले में सोमवार (23 नवंबर 2026) को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. ये सुनवाई न्यायमूर्ति श्रीमती बी.वी. नागरत्ना एवं न्यायमूर्ति श्री संजीव सचदेवा की अध्यक्षता वाली पीठ में हुई. इससे पहले भोपाल नगर निगम ने सुप्रीम कोर्ट में 10 पेज का हलफनामा और कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट पेश की. निगम ने तीन चरणों में 9,992 नोटिस जारी करने और 639 संपत्तियां सील करने का दावा किया गया है। साथ ही भवन अनुज्ञा शाखा से स्वीकृत अनुमति के विपरीत किए गए निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई भी बताई गई है. बता दें कि इस मामले में अब अगली सुनवाई 6 जनवरी 2027 को होगी.
दूसरी तरफ सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि एक घर के बगल में होटल या रेस्टोरेंट बनाने की अनुमति कौन देता है? कोर्ट ने कहा कि शहरों का आवासीय स्वरूप बिगाड़ा जा रहा है और उन अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाया जिनकी वजह से अवैध निर्माण को बढ़ावा मिल रहा है.
राज्य सरकारों पर उठाएं सवाल
न्यायालय ने आगे यह भी कहा है कि राज्य सरकारें चुनाव के दौरान इन अवैध निर्माणों को नियमित (regularize) करने की योजनाएँ लेकर आती हैं. यह उन नागरिकों के साथ धोखा है जो कानून का पालन करते हुए अपना जीवन जी रहे हैं और अवैध निर्माण करने वालों के सामने स्वयं को ठगा हुआ महसूस करते हैं.
कोर्ट ने नगर निगमों/नगरपालिकाओं से 6 जनवरी तक इन अवैध निर्माणों की रिपोर्ट अनुपालन (compliance) हेतु मांगी गई है. उधार भोपाल नगर निगमों द्वारा दाखिल अनुपालन रिपोर्टों (compliance affidavits) पर रहवासियो ने आपत्ति दर्ज कराई है और कोर्ट को गुमराह करने के आरोप लगाए हैं.
याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी ने क्या कहा
याचिकाकर्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि भूमाफियाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत आज उजागर हुई है. माननीय सुप्रीम कोर्ट पर हमे विश्वास है कि रहवासियों के हित में फैसला होगा, साथ ही अब हम जबलपुर खंडपीठ में भी अपना पक्ष प्रस्तुत करेंगे. इस पूरे मामले में कोर्ट का लिखित आदेश आने के बाद विधिक राय मांगी जाएगी. जल्द ही रहवासियों के हित मे निर्णय होगा.



