MP News: मध्य प्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट को एक बार फिर देश के सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट्स में पहला स्थान मिला है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के वर्ष 2026 के राष्ट्रीय सेवा एवं ग्राहक संतुष्टि सूचकांक सर्वेक्षण में खजुराहो एयरपोर्ट ने यह उपलब्धि हासिल की है, जबकि भोपाल का राजा भोज एयरपोर्ट तीसरे स्थान पर रहा.
हालांकि इस सम्मान के साथ ही स्थानीय लोगों ने रैंकिंग की विश्वसनीयता पर सवाल भी उठाए हैं, क्योंकि फिलहाल यहां से एक भी नियमित वाणिज्यिक उड़ान संचालित नहीं हो रही है.
AAI सर्वे में लगातार दूसरी बार अव्वल
खजुराहो एयरपोर्ट इससे पहले दिसंबर 2025 में भी इसी सर्वे में देश का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट चुना गया था. एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह का कहना है कि यह उपलब्धि कर्मचारियों की मेहनत और यात्रियों के भरोसे का परिणाम है. उनके मुताबिक स्वच्छता, सुरक्षा, यात्री सुविधाओं और सेवा की गुणवत्ता जैसे मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के कारण खजुराहो को यह स्थान मिला है.
फिलहाल एक भी कमर्शियल फ्लाइट नहीं
वर्तमान स्थिति यह है कि जुलाई और अगस्त के दौरान खजुराहो एयरपोर्ट से कोई भी कमर्शियल फ्लाइट संचालित नहीं हो रही है. पहले यहां से दिल्ली और वाराणसी के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध थीं, लेकिन वे भी बंद हो चुकी हैं. अब अक्टूबर के आसपास सेवाएं दोबारा शुरू होने की संभावना जताई जा रही है.
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
इसी वजह से स्थानीय लोग इस उपलब्धि को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया दे रहे हैं. उनका कहना है कि जब एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें ही नहीं हैं, तो देश का नंबर वन एयरपोर्ट घोषित किया जाना कई सवाल खड़े करता है.
लोगों का कहना है कि लगातार दूसरी बार खजुराहो को देश का सर्वश्रेष्ठ एयरपोर्ट बनाना गर्व की बात है, लेकिन यह भी उतना ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि यात्रियों के लिए यहां से एक भी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है. उनके अनुसार एयरपोर्ट की रैंकिंग तभी सार्थक होगी, जब यहां से नियमित हवाई सेवाएं भी शुरू हों.
ये भी पढे़ं- इंदौर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर कवायद तेज, सांसद शंकर लालवानी बोले- सिंहस्थ को देखते हुए बेहद जरूरी
