Vistaar NEWS

MP में मतदाता सूची में 12 दिसंबर तक नाम जुड़वाने-हटवाने का मौका, 4 जनवरी को आएगी अंतिम सूची

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

MP News: मध्य प्रदेश में मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. भारत निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप फोटो मतदाता सूची जारी कर दी गई है. इसके साथ ही मतदाताओं को सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और पते में बदलाव कराने का मौका मिलेगा. दावे और आपत्तियां दर्ज करने की प्रक्रिया 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक चलेगी.

प्रदेश में 5.48 करोड़ से ज्यादा मतदाता

जारी आंकड़ों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में मतदाताओं की कुल संख्या बढ़कर 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 हो गई है. एक अक्टूबर 2026 को प्रदेश में 5 करोड़ 42 लाख 62 हजार 169 मतदाता दर्ज थे. इस तरह निर्धारित अवधि में मतदाताओं की संख्या में करीब 6.09 लाख की वृद्धि हुई है.

प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारियों की ओर से किया गया है. इसे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट ceoelection.mp.gov.in पर भी देखा जा सकता है.

राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील

सूची जारी होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने राज्य और जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी साझा की. राजनीतिक दलों को फोटो रहित मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी हार्ड डिस्क के माध्यम से उपलब्ध कराई गई. साथ ही प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करने और प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की गई.

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां

दावे और आपत्तियों के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है. इस अवधि में पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम हटवाने और दर्ज विवरण में सुधार के लिए आवेदन कर सकेंगे.

मतदाताओं की सुविधा के लिए 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे. प्राप्त दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.

प्रदेश में अब 72,036 मतदान केंद्र

निर्वाचन आयोग ने मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है. इसके तहत प्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 21 केंद्रों को समाप्त किया गया है. इस बदलाव के बाद मध्यप्रदेश में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 72,036 हो गई है.

18 साल पूरे करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन

इस पुनरीक्षण में उन युवाओं को भी मतदाता बनने का अवसर मिलेगा, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे. ऐसे युवा अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क किया जा सकता है.

इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के जरिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है. निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन की प्रक्रिया निशुल्क है. पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी या सहायता के लिए नागरिक निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं.

Exit mobile version