Vistaar NEWS

Bhopal: बैग के साथ भागता दिखा पूर्व IAS का हत्यारा! 4 राज्यों की पुलिस जांच में जुटी

The accused who murdered former IAS officer Rakesh Agarwal was seen on CCTV.

पूर्व आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या करने वाला आरोपी सीसीटीवी में दिखा

Bhopal News: राजधानी भोपाल के रातीबड़ इलाके के सूरज नगर में रहने वाले रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी केयर टेकर वरुण कुमार के भागने वाला पूरा रूट ट्रेस कर लिया है. आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद रात के अंधेरे में ट्रेन में बैठकर फरार हो गया था. इस आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए मध्‍य प्रदेश, दिल्‍ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के करीब 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की टीम को तैनात किया गया है.

पुलिस जांच में सामने आया कि 30 सितंबर की रात में रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल अपने रूम में सो रहे थे. तभी रात करीब 12:30 से 2:00 बजे के बीच में आरोपी ने धारदार हथियार से रिटायर्ड आईएएस का गला रेतकर हत्या कर दी. आरोपी ने इस हत्या के सबूत मिटाने के लिए घर के रसोई में रखे गैस सिलेंडर का पाइप निकाल दिया, जिससे घटना आग लगाने की दिखाई दे.

मृतक आईएएस की पत्नी निशी अग्रवाल का कमरा बाहर से बंद था. सुबह करीब 4:40 बजे जब उनकी नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से लॉक था. घर के कर्मचारी अमर की मदद से दरवाजा खोला गया. इसके बाद घटना का खुलासा हुआ.

सीसीटीवी में दिखा आरोपी

आईएएस का मर्डर करने के बाद आरोपी सीसीटीवी में भागते हुए दिखाई दे रहा है. रात करीब 2:40 बजे आरोपी घर के बाहर निकलता दिखाई दिया. इसके बाद घटना स्‍थल से करीब 200 मीटर दूर लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी हाथ में एक पिट्ठू बैग और एक झोला लिए दिखाई दिया.

आरोपी करीब 2 किमी तक पैदाल चला उसके बाद उसने भदभदा चौराहे पर पहुंचकर वहां से ऑटोरिक्श लिया. इसके बाद ऑटो पॉलीटेक्निक चौहारा और कमला पार्क होते हुए भोपाल रेलवे स्‍टेशन पहुंचा. फिर आरोपी ऑटो से उतरकर पैदल भोपाल जंक्शन के प्‍लेटफॉर्म नंबर 6 के लिए निकल गया. वहां से वो प्‍लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंचा.

रात करीब 3:30 बजे आरोपी दिल्‍ली की ओर जाने वाली ट्रेन में बैठकर निकल गया. पुलिस अब मामले में आरोपी की तलाश के लिए झांसी, ग्वालियर और आगरा रूट के स्‍टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

4 राज्यों में आराेपी की तलाश

पुलिस ने आरोपी की तलाश में मध्‍य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्‍ली और पंजाब में सभी संभावित ठिकानों पर जांच कर रही है. आरोपी वरूण की तलाश में करीब एक दर्जन से ज्यादा पुलिस की टीमें लगाई गई है. इसमें एक DCP और 2 एडिशनल DCP भी शामिल है. आरोपी की तलाश के लिए 4 राज्याें में करीब 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी जुटे हैं. फिलहाल पुलिस मामले में सभी एंगल की जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं- भोपाल: फरार नौकर के ‘कैरेक्टर सर्टिफिकेट’ से मिला बड़ा हिंट, पूर्व IAS मर्डर केस में जांच तेज

Exit mobile version