Vistaar NEWS

राजगढ़: भैंस चोरों को पकड़वाने वाले ही बने आरोपी, केस से बचाने के लिए पुलिस ने मांगी 7 लाख की रिश्वत

In Rajgarh, police demanded 7 lakh rupees to close a case.

राजगढ़ में पुलिस ने मांगे केस खत्म करने के लिए 7 लाख रुपये

MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाने में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है. आरोप है कि भैंस चोरी के संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने वाले लोगों पर ही अपहरण का केस दर्ज कर दिया गया. इसके बाद केस से बचाने के नाम पर 7 लाख रुपये मांगे गए. कथित तौर पर 2 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और 50 हजार रुपये दिए भी जा चुके थे. बाकी 1.5 लाख रुपये लेने के दौरान लोकायुक्त की कार्रवाई के शक में आरोपी नहीं पहुंचे. मामले में पुलिसकर्मियों समेत चार लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.

भैंस चोरी के मामले में शिकायतकर्ता पर ही केस का आरोप

मगन्याखेड़ी निवासी राजाराम तंवर के मुताबिक, उनके रिश्तेदारों की दो भैंसें चोरी हुई थीं. रिश्तेदारों ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रात में ही छोड़ दिया. अगले दिन ग्रामीणों के थाने पहुंचने पर संबंधित लोगों को दोबारा बुलाया गया. उन्होंने दोनों भैंसें वापस दिलाने की बात कही थी, लेकिन अब तक केवल एक भैंस ही वापस मिली है.

7 लाख की मांग, 2 लाख में तय हुआ सौदा

राजाराम का आरोप है कि भैंस चोरों को पकड़ने वालों पर ही अपहरण का केस दर्ज कर दिया गया. इस मामले से बचाने के लिए एसआई मीणा और हेड कांस्टेबल राहुल ने कथित तौर पर 7 लाख रुपये मांगे. बाद में 2 लाख रुपये में सौदा तय हुआ. इसमें से 50 हजार रुपये पहले दिए जा चुके थे, जबकि बाकी रकम सोमवार को दी जानी थी.

17 नवंबर को लोकायुक्त से की थी शिकायत

पीड़ित पक्ष ने 17 नवंबर को भोपाल में लोकायुक्त एसपी सुनील कुमार पाटीदार से शिकायत की थी. निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए. लोकायुक्त इंस्पेक्टर रजनी तिवारी के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपियों को शक हो गया, जिसके कारण बाकी रकम नहीं दी जा सकी.

पूरे थाने को निलंबित करने की मांग

लोकायुक्त के अनुसार, मामले में एसआई मीणा, होमगार्ड सैनिक रईस खान और एक निजी व्यक्ति की भूमिका सामने आई है. मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. वहीं, राजाराम तंवर ने पूरे थाने को निलंबित करने की मांग की है. उनका कहना है कि कार्रवाई नहीं हुई तो उनके परिवार और भैंस चोरी के मामले से जुड़े लोगों की जान को खतरा हो सकता है. लोकायुक्त के मुताबिक, इस पूरे मामले में एसआई मीणा, होमगार्ड सैन‍िक रईस खान और एक निजी व्‍यक्ति की भूमिका सामने आई है.

Exit mobile version