Vistaar NEWS

MP Weather Update Today: मानसून से पहले एमपी में बरसे बादल, जून में सामान्य से 65% अधिक बारिश, कई जिलों में आंधी का अलर्ट

Weather Today

मौसम

MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक दस्तक अभी बाकी है, लेकिन उससे पहले ही प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिली है. जून के शुरुआती दिनों में ही राज्य में सामान्य से करीब 65 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है. आंकड़ों के अनुसार, पूरे प्रदेश में औसतन आधा इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर केवल 8.3 मिमी बारिश होती है. भोपाल, आगर-मालवा और शाजापुर में लगभग 2 इंच वर्षा रिकॉर्ड की गई है, वहीं नीमच जिले में ढाई इंच तक पानी गिर चुका है.

मानसून की दस्तक का इंतजार

इस बीच रविवार को मानसून महाराष्ट्र पहुंच गया है. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश में मानसून 15 से 18 जून के बीच प्रवेश कर सकता है. आमतौर पर प्रदेश में मानसून के आगमन की निर्धारित तारीख 15 जून मानी जाती है. पिछले वर्ष मानसून ने एक दिन की देरी से 16 जून को प्रदेश में दस्तक दी थी.

प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज

मानसून आने से पहले ही प्रदेश में प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं. जून की शुरुआत से कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है. रविवार को देवास, सीहोर सहित कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला रहा और बारिश दर्ज की गई.

कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के अनेक जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है. ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, सागर, दमोह, कटनी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन और बड़वानी समेत कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है.

एक इंच से ज्यादा बारिश वाले जिले

अब तक सतना, सीधी, आगर-मालवा, भोपाल, बुरहानपुर, हरदा, नीमच, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, सीहोर, शाजापुर और श्योपुर जैसे जिलों में एक इंच या उससे अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है. मौसम विभाग का कहना है कि 1 जून से 30 सितंबर तक दर्ज होने वाली वर्षा को मानसूनी बारिश के रूप में रिकॉर्ड किया जाता है, हालांकि फिलहाल प्रदेश में प्री-मानसूनी गतिविधियां ही सक्रिय हैं.

ये भी पढे़ं- खुशखबरी! MP में इस तारीख को पहुंचेगा मानसून, राज्य में जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर, 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

Exit mobile version