TET Exam: शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब परीक्षा आयोजित कराने की तैयारियां तेज होंगी. माध्यमिक शिक्षा मंडल कर्मचारी चयन मंडल से आवेदकों की सूची मिलने के बाद शिक्षकों की जिले, संभाग और पदस्थापना के आधार पर लिस्टिंग करेगा. इसके जरिए पता लगाया जाएगा कि कितने शिक्षक शहरी और कितने ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थ हैं. इसी जानकारी के आधार पर परीक्षा केंद्रों की संख्या और उनके स्थान निर्धारित किए जाएंगे.
20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक
प्रदेश में करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के परीक्षा के लिए आवेदन करने का अनुमान था, लेकिन आवेदन करने वालों की संख्या लगभग 34,200 ही रही. दो बार आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाने के बावजूद आवेदकों की संख्या में खास बढ़ोतरी नहीं हुई. इनमें करीब 20 हजार सरकारी स्कूलों के शिक्षक और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं. स्कूल शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सितंबर में आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी. आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 11 अक्टूबर निर्धारित थी.
जिले और संभाग के आधार पर तैयार होगी सूची
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब माध्यमिक शिक्षा मंडल को कर्मचारी चयन मंडल से आवेदकों की पूरी सूची मिलने का इंतजार है. सूची प्राप्त होने के बाद शिक्षकों की पदस्थापना के अनुसार आंकड़े तैयार किए जाएंगे. इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों की संख्या अलग-अलग दर्ज होगी. साथ ही जिले और संभागवार आवेदकों का ब्योरा भी तैयार किया जाएगा, जिससे परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में आसानी होगी.
दशहरे के बाद बैठक में तय होगी परीक्षा की तारीख
परीक्षा की तारीख और केंद्रों की व्यवस्था को लेकर दशहरे के बाद अधिकारियों की बैठक प्रस्तावित है. इसमें माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश वैद्य, लोक शिक्षण आयुक्त अभिषेक सिंह समेत संबंधित अधिकारी शामिल हो सकते हैं. बैठक में आवेदकों की संख्या, उनकी क्षेत्रवार स्थिति और परीक्षा के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा होगी. इसके बाद परीक्षा कार्यक्रम घोषित किए जाने की संभावना है.
32 हजार से अधिक पदों पर पदोन्नति का इंतजार
शिक्षक पात्रता परीक्षा का परिणाम प्रदेश में 32 हजार से अधिक पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है. परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सरकारी शिक्षकों को रिक्त पदों की उपलब्धता के आधार पर पदोन्नति मिलने की संभावना है. विभागीय स्तर पर जनवरी में परिणाम आने की स्थिति में पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है. हालांकि, इसका वास्तविक फैसला परीक्षा परिणाम और उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर होगा.
ये भी पढे़ं- MP TET परीक्षा फॉर्म की तारीख फिर बढ़ी, शिक्षक भूख हड़ताल पर बोले-नहीं भरेंगे फॉर्म
