Vistaar NEWS

12 अगस्‍त से इस दिन तक दिल्‍ली के लिए रेलवे पार्सल सेवाएं बंद, स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा कड़ी

TRAIN

ट्रेन

MP News: स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी अलर्ट के बाद रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के रेलवे स्टेशनों पर पार्सल सेवाओं को चार दिनों के लिए बंद करने का निर्णय लिया है. यह व्यवस्था 12 अगस्त से लागू होकर 15 अगस्त तक प्रभावी रहेगी.

दिल्ली जाने वाली ट्रेनों में पार्सल बुकिंग पर रोक

इस दौरान ग्वालियर समेत देश के अलग-अलग रेल मंडलों से दिल्ली जाने वाली या दिल्ली क्षेत्र से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में पार्सल की बुकिंग, लोडिंग और अनलोडिंग नहीं की जाएगी. यानी 12 से 15 अगस्त के बीच दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों में पार्सल भेजने की सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी.

सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

रेलवे का यह फैसला स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. राजधानी में वीवीआईपी मूवमेंट के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित होने हैं. ऐसे में रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली क्षेत्र के स्टेशनों पर पार्सल की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है.

ग्वालियर के कारोबारियों पर भी पड़ेगा असर

इस फैसले का सीधा असर ग्वालियर सहित उन शहरों के कारोबारियों पर पड़ेगा, जो दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनों के जरिए सामान और अन्य पार्सल भेजते हैं. ग्वालियर रेलवे स्टेशन से दिल्ली समेत देश के कई प्रमुख शहरों के लिए नियमित रूप से ट्रेनों का संचालन होता है. ऐसे में व्यापारी इस सुविधा के जरिए अपने सामान की आवाजाही करते हैं.

कारोबारियों को करनी होगी वैकल्पिक व्यवस्था

पार्सल सेवा बंद रहने के दौरान कारोबारियों और अन्य लोगों को सामान भेजने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा. रेलवे ने यात्रियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे 12 से 15 अगस्त के बीच लागू रहने वाले इस प्रतिबंध को ध्यान में रखते हुए अपनी पार्सल बुकिंग की योजना बनाएं. 16 अगस्त से सेवाएं सामान्य होने की उम्मीद है.

ये भी पढे़ं- रीवा से सतना, सीधी और जबलपुर जाना हुआ आसान, जल्द चलेंगी 6 इलेक्ट्रिक बसें

Exit mobile version