मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी लगभग 2 साल का समय बाकी है. लेकिन इससे पहले ही भाजपा नेताओं के बीच अंतर्कलह खुलकर सामने आना शुरू हो गई है. आलम यह कि अब सरकारी मंच पर दिखी सियासी दूरी ने कई सवाल खड़े कर दिए. दरअसल घटना एमपी के रायसेन जिले की है. रायसेन जिले के बरेली तहसील में एसडीएम कार्यालय का उद्घाटल समारोह आयोजित किया गया था. इसी समारोह के दौरान भाजपा की अंदरूनी खींचतान की तस्वीर सामने आई है.
नर्मदापुरम सांसद को नहीं मिली मंच पर जगह
नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन उन्हें मंच पर जगह नहीं मिली. सांसद को नीचे कुर्सी पर बैठना पड़ा, जबकि स्थानीय विधायक और प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल फीता काटकर उद्घाटन के बाद कार्यक्रम से रवाना हो गए. इतना ही नहीं, कार्यक्रम के बैनर से भी सांसद की तस्वीर गायब रही.
क्या ये प्रोटोकॉल की चूक थी या फिर कुछ और…
अब सवाल यह है कि यह महज प्रोटोकॉल की चूक थी या फिर इसके पीछे कोई सियासी संदेश छिपा था? बरेली में एसडीएम कार्यालय के उद्घाटन समारोह की यह तस्वीर अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है. कार्यक्रम में नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी की मौजूदगी तो रही, लेकिन उन्हें मंच पर स्थान नहीं दिया गया. सांसद को मंच के बजाय नीचे बैठना पड़ा.
स्थानीय प्रशासन की भूमिका को लेकर सवाल
सबसे बड़ा सवाल स्थानीय प्रशासन की भूमिका को लेकर भी है. जब कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद मौजूद थे, तो क्या प्रशासन को उनके पद और प्रोटोकॉल के अनुरूप मंच पर स्थान सुनिश्चित नहीं करना चाहिए था? आखिर ऐसी क्या वजह रही कि सांसद को मंच पर जगह नहीं मिली?
गौरतलब है कि प्रदेश भाजपा प्रभारी बिप्लब कुमार देव भी पार्टी नेताओं को आपसी गुटबाजी से दूर रहने की नसीहत दे चुके हैं.
क्या अंदरूनी सियासत की कहानी
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या सांसद की अनदेखी महज प्रोटोकॉल की चूक थी, या फिर इसके पीछे भाजपा की अंदरूनी सियासत की कोई कहानी है? एक ही पार्टी के सांसद और मंत्री के बीच नजर आई यह दूरी आखिर क्या संकेत दे रही है? अब देखना होगा कि इस मामले पर पार्टी नेतृत्व और संबंधित जनप्रतिनिधियों की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है.
