Vistaar NEWS

रिटायर्ड IAS अधिकारी हत्याकांड: आरोपी वरुण पर 50 हजार का इनाम, तलाश में 5 राज्यों की पुलिस

Retired IAS officer murder case

रिटायर्ड IAS अधिकारी हत्याकांड

Bhopal News: भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में फरार आरोपी वरुण बाल्मीकि की तलाश लगातार जारी है. घटना के छह दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए भोपाल पुलिस ने अब 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस ने लोगों से आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

पंजाब के पटियाला का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, पूर्व आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या का आराेपी 27 वर्षीय वरुण बाल्मीकि पंजाब के पटियाला जिले की तहसील नाभा स्थित आशा कॉलोनी का रहने वाला है. उसकी पहचान के लिए पुलिस ने उपलब्ध फोटो और हुलिए को सार्वजनिक किया है. आरोपी के गले पर बना बिच्छू का टैटू उसकी पहचान में अहम सुराग माना जा रहा है. इसी निशान के आधार पर पुलिस अलग-अलग स्थानों पर उसकी तलाश कर रही है.

पांच राज्यों में पुलिस की दबिश

जांच में सामने आया है कि आरोपी फिलहाल मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा है. ऐसे में उसकी लोकेशन ट्रेस करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है. पुलिस ने उसकी तलाश में पांच राज्यों में लुकआउट नोटिस जारी किया है. मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में भी संभावित ठिकानों पर पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. पुलिस आरोपी के संभावित भागने वाले रास्तों और संदिग्ध स्थानों पर उसके पोस्टर और पर्चे भी वितरित कर रही है.

लगातार ठिकाने बदल रहा आरोपी

पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है. पुलिस उसके पुराने संपर्कों, परिचितों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले छोटी-मोटी चोरियों में शामिल रहा है. इन्हीं पुराने संपर्कों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश को आगे बढ़ा रही है.

सूचना देने वालों से पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति को आरोपी वरुण बाल्मीकि के बारे में कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखाई देता है, तो तुरंत भोपाल क्राइम ब्रांच या रातीबड़ थाना पुलिस को सूचना दें. आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

केयरटेकर के तौर पर रखा गया था वरुण

राकेश अग्रवाल मध्य प्रदेश कैडर के 1982 बैच के IAS अधिकारी थे. वह लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे और उनकी देखभाल के लिए घटना से करीब तीन दिन पहले वरुण कुमार को केयरटेकर के तौर पर रखा गया था. आरोप है कि 30 सितंबर को वरुण ने राकेश अग्रवाल की गला काटकर हत्या कर दी और उनका मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.

ये भी पढे़ं- भोपाल: फरार नौकर के ‘कैरेक्टर सर्टिफिकेट’ से मिला बड़ा हिंट, पूर्व IAS मर्डर केस में जांच तेज

Exit mobile version