Vistaar NEWS

MP News: भोपाल से इंडिगो की फ्लाइट रद्द, शिवराज सिंह चौहान भी फंसे, दिल्‍ली जा रहा था विमान

Shivraj Singh Chouhan was also affected by the cancellation of an IndiGo flight.

इंडिगो फ्लाइट रद्द होने से शिवराज सिंह चौहान भी प्रभावित हुए

MP News: भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर मंगलवार को दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान हार्ड लैंडिंग के बाद तकनीकी कारणों से रद्द कर दी गई. विमान की जांच के दौरान उसे उड़ान के लिए अनुपयुक्त पाया गया, जिसके बाद एयरलाइंस ने संचालन नहीं करने का फैसला लिया. इस उड़ान के निरस्त होने से करीब 180 यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इनमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल थे, जिन्हें दिल्ली जाने के लिए दूसरी उड़ान का सहारा लेना पड़ा.

हार्ड लैंडिंग के बाद विमान की जांच

जानकारी के अनुसार, भोपाल से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को मंगलवार शाम 4:30 बजे रवाना होना था. विमान की हार्ड लैंडिंग के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसकी तकनीकी जांच की गई. ऐसे मामलों में इंजीनियरिंग टीम विमान की स्थिति का आकलन करती है. जरूरी जांच और अनुमति मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की मंजूरी दी जाती है. जांच में विमान को उड़ान के लिए अनुपयुक्त पाए जाने के बाद फ्लाइट रद्द कर दी गई.

करीब 180 यात्रियों को हुई परेशानी

अचानक उड़ान रद्द होने से एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी. एयरलाइंस की ओर से यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई. कुछ यात्रियों को टिकट का रिफंड दिया गया, जबकि अन्य यात्रियों को दूसरी उड़ानों से दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई.

दूसरी फ्लाइट से दिल्ली रवाना हुए शिवराज

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी इसी फ्लाइट से दिल्ली जाने वाले थे. विमान का संचालन रद्द होने के बाद उन्हें भी अपनी यात्रा के लिए दूसरी उड़ान से रवाना होना पड़ा.

एयरपोर्ट डायरेक्टर ने की पुष्टि

एयरपोर्ट डायरेक्टर आलोक त्रिपाठी ने उड़ान रद्द होने की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान में तकनीकी खराबी के कारण यह निर्णय लिया गया. विमान की तकनीकी स्थिति को देखते हुए उसे उड़ान की अनुमति नहीं दी गई.

ये भी पढे़ं- रायपुर में इंडिगो की फ्लाइट नहीं हो सकी लैंड, हवा में 4-5 चक्कर लगाए और फिर नागपुर के लिए डायवर्ट

Exit mobile version