Vistaar NEWS

भोपाल में SSB जवान ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली, मराठी में लिखा सुसाइड नोट

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

Bhopal News: भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंप डिपो में बुधवार तड़के ड्यूटी के दौरान SSB के जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान महाराष्ट्र निवासी 35 वर्षीय संदीप खरमटे के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

ड्यूटी के बाद उठाया आत्मघाती कदम

पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच की है. संदीप ड्यूटी पर तैनात था. ड्यूटी पूरी होने के बाद उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली. घटना की जानकारी मिलते ही विभागीय कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी.

रात 10 बजे पत्नी से हुई थी आखिरी बातचीत

मृतक की पत्नी को बुधवार सुबह करीब 4 बजे विभाग की ओर से पति की मौत की जानकारी दी गई. पत्नी के मुताबिक, संदीप से मंगलवार रात करीब 10 बजे आखिरी बार बातचीत हुई थी. उस दौरान संदीप ने बताया था कि वह ड्यूटी पर है. इसके बाद दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई.

मराठी में मिला सुसाइड नोट

पुलिस को घटनास्थल से मराठी भाषा में लिखा सुसाइड नोट मिला है. नोट को फिलहाल अनुवाद के लिए भेजा गया है. कमला नगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे के मुताबिक, शुरुआती तौर पर नोट में पत्नी से माफी मांगने और निजी कारणों के चलते आत्महत्या करने की बात सामने आई है.

परिजनों और साथियों से पूछताछ

पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट का पूरा अनुवाद सामने आने के बाद आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस मृतक के परिजनों, साथियों और विभागीय अधिकारियों से जानकारी जुटा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है.

ये भी पढे़ं- ट्विशा शर्मा सुसाइड केस, CBI ने पेश की चार्जशीट, मौत का कारण आत्महत्या माना, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

Exit mobile version