MP News: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बीजेपी हमलावर है. ऐसे में मध्य प्रदेश के PWD मंत्री राकेश सिंह ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘बात संविधान की और काम अराजकता का.’ मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सबको है, लेकिन पुलिस पर हाथ उठाना कानून का उल्लंघन है.
मंत्री राकेश सिंह ने आगे कहा कि कथनी और करनी का अंतर अब देश के सामने है. संविधान की प्रति लहराना आसान है, लेकिन उसकी मर्यादा का पालन करना कठिन है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर सुविधा की राजनीति अब नहीं चलेगी. लोकतंत्र में कोई ‘राजपुरुष’ नहीं होता, नियम सब पर लागू होते हैं.
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज हुई FIR
कांग्रेस लगातार 3 दिनों से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रही है. पहले दिन आकाशवाणी में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया. आकाशवाणी में बिना अनुमति के प्रवेश करने के मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
वहीं कल जंतर-मंतर की तरफ प्रदर्शन के लिए जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया और पुलिस के साथ मारपीट को लेकर दिल्ली पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और पुलिसकर्मियों के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की गई.
FIR के बाद राहुल गांधी का बयान
एफआईआर दर्ज होने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि वह पुलिस की कार्रवाई या एफआईआर से डरने वाले नहीं हैं. राहुल गांधी ने दावा किया कि उनके खिलाफ पहले भी कई एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ 45 एफआईआर हो चुकी हैं और अगर 100 एफआईआर भी दर्ज होती हैं तो वह पीछे नहीं हटेंगे.
कांग्रेस बोली- लोकतांत्रिक तरीके से कर रहे विरोध
कांग्रेस का कहना है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रही है. वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना उसकी जिम्मेदारी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन में पुलिसकर्मी से मारपीट! वीडियो से पहचाने जायेंगे आरोपी, दर्ज होगी FIR
