MP IAS Transfers: भोपाल में प्रदेश सरकार ने तीन IAS अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव करते हुए नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं. इस प्रशासनिक फेरबदल में अक्षय कुमार तेम्रवाल, अभिषेक सराफ और सुमित कुमार पाण्डेय को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इन बदलावों के तहत नगर निगम भोपाल और नगरीय प्रशासन विभाग में अधिकारियों के दायित्व बदले गए हैं.
अक्षय तेम्रवाल को नगरीय प्रशासन विभाग में भेजा
अक्षय कुमार तेम्रवाल को नगर निगम भोपाल के अपर आयुक्त पद से हटाकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, भोपाल में अपर आयुक्त बनाया गया है. वहीं, अभिषेक सराफ को नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से वापस नगर निगम भोपाल में अपर आयुक्त पद पर पदस्थ किया गया है. उन्हें मध्य प्रदेश शासन के उप सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
सुमित पाण्डेय बने स्मार्ट सिटी के सीईओ
भोपाल में अपर कलेक्टर के पद पर कार्यरत सुमित कुमार पाण्डेय को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्मार्ट सिटी भोपाल बनाया गया है. इसके साथ ही उन्हें नगर निगम भोपाल में अपर आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. उनके पास उप सचिव, मध्य प्रदेश शासन का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा.
तीन दिन पहले भी हुए थे तबादले
इससे तीन दिन पहले शासन ने चार IAS अधिकारियों के तबादले किए थे. इस आदेश में भोपाल और जबलपुर नगर निगम आयुक्तों की जिम्मेदारियां बदली गई थीं. भोपाल नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को वित्त विभाग में उप सचिव बनाया गया था, जबकि जबलपुर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई थी.
वरिष्ठता के बाद जारी हुआ नया आदेश
तबादले के बाद अक्षय तेम्रवाल और रामप्रकाश अहिरवार की वरिष्ठता को लेकर चर्चा हुई. दोनों 2018 बैच के IAS अधिकारी हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वरिष्ठता सूची में तेम्रवाल का क्रमांक 296 और अहिरवार का 299 है. रामप्रकाश अहिरवार के भोपाल नगर निगम आयुक्त का पदभार संभालने के बाद शासन ने नया आदेश जारी किया. इसके तहत तेम्रवाल को नगरीय प्रशासन विभाग में भेजा गया और अन्य अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
ये भी पढे़ं- MP Police Transfer: मध्य प्रदेश में 2 IPS अधिकारियों का तबादला, विदिता धनखड़ को मिली पांढुर्णा की जिम्मेदारी
