इनपुट-सुरेन्द्र राजपूत
Vidisha News: विदिशा के कोतवाली थाना क्षेत्र के तोपपुरा में 23 जुलाई को हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में चोरी करने वाले दो आरोपियों के साथ चोरी का तांबे का तार खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया फ्रिज, कूलर और मिक्सी कुएं से बरामद किया गया है.
पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया
कोतवाली थाना टीआई आनंद राज के मुताबिक, तोपपुरा निवासी राज नारायण यादव के घर चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने बक्सरिया निवासी दीपक रैकवार और मोनू रैकवार को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया.
आरोपियों ने चोरी का सामान कहां छुपाया था?
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किया गया फ्रिज, कूलर और मिक्सी उन्होंने एक कुएं में फेंक दिया था. इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ और होमगार्ड की मदद से कुएं में तलाशी अभियान चलाकर चोरी का सामान सुरक्षित बाहर निकलवाया.
ये भी पढ़ें-Khandwa News: मोटे मुनाफे का झांसा देकर 21 लाख की ठगी, खंडवा पुलिस ने राजस्थान में दबोचे 3 साइबर ठग
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया
वहीं, घर से चोरी किया गया तांबे का तार आरोपियों ने कबाड़ी साजिद खान को बेच दिया था. पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में साजिद खान को भी गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
