MP Police Transfer: मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. राज्य शासन के गृह विभाग ने दो आईपीएस अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं. इसके साथ ही एक अन्य अधिकारी को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह आदेश 6 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया.
2016 बैच के आईपीएस अधिकारी प्रकाश चन्द्र परिहार को पांढुर्णा के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है. वे अब पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी संभालेंगे.
वहीं, 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी विदिता धनखड़ को पांढुर्णा जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. इससे पहले वे ग्वालियर स्थित दूसरी वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल में सेनानी के पद पर तैनात थीं. शासन के आदेश के बाद अब उन्हें पांढुर्णा एसपी की जिम्मेदारी दी गई है.
श्रुतकीर्ति सोमवंशी को सौंपा अतिरिक्त प्रभार
इसके अलावा 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को उनके मौजूदा दायित्व के साथ दूसरी वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर के सेनानी पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. वे अपनी वर्तमान जिम्मेदारी के साथ इस अतिरिक्त पद का कार्य भी संभालेंगे.
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेंगी. आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार गृह विभाग के अवर सचिव अन्नू भलावी द्वारा जारी किया गया है.
