Vistaar NEWS

कौन हैं IAS प्रीति मैथिल? चीनी मिल के मजदूर की बेटी 23 की उम्र में बनी अधिकारी, पहली बार में क्रेक किया UPSC

IAS Preeti Maithil

IAS प्रीति मैथिल

भारत में हर साल ऐसे कई युवा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा पास करते हैं, जो बेहद साधारण और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं. कई अधिकारियों के माता-पिता किसान, बस कंडक्टर, मजदूर या छोटे दुकानदार होते हैं. आज हम आपको जिस आईएएस अधिकारी के बारे में बताने जा रहे हैं वह भी ऐसे ही मध्यमवर्गीय परिवार से आती हैं. इस लेख में हम IAS प्रीति मैथिल के बारे में बताने जा रहे हैं.

2009 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रीति मैथिल

IAS प्रीति मैथिल जैसे अधिकारियों की सफलता की कहानियां यह साबित करती हैं कि कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और सही दिशा के आगे संसाधनों की कमी कोई मायने नहीं रखती. मध्य प्रदेश कैडर की 2009 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रीति मैथिल को केंद्र सरकार में संयुक्त सचिव या उसके समकक्ष स्तर के पदों पर नियुक्ति के लिए हरी झंडी दे दी गई है.

इस नए कार्यभार के साथ ही वह केंद्र सरकार के मंत्रालयों और विभागों में वरिष्ठ नीति-निर्माण और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिए पात्र हो गई है. लेकिन उनका यहां तक का सफर इतना आसान नहीं था. वर्तमान में प्रीति मैथिल मध्य प्रदेश क्षेत्र के लिए भोपाल स्थित ट्राइफेड (Tribal Cooperative Marketing Development Federation of India) में महाप्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं.

आर्थिक तंगी के बीच बीता बचपन

5 जुलाई 1985 को एमपी के सीहोर में जन्मी प्रीति मैथिल का बचपन आर्थिक तंगी के बीच बीता. हर छोटी जरूरत के लिए उन्हें समझौता करना पड़ता था. प्रीति के पिता संतोष कुमार पहले भोपाल शुगर मिल में रोजनदारी से मजदूरी करते थे, बाद वह नौकरी भी छूट गई. अब वह परिवार को भरण-पोषण करने के लिए छोटे पैमाने पर खेती करने लगे. लेकिन उन्होंने बच्चों की पढ़ाई नहीं रोकी और शिक्षा पर पूरा जोर दिया.

कृषि विज्ञान में स्नातक की डिग्री

प्रीति ने अपनी स्कूली शिक्षा शारदा विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल से पूरी की. इसके बाद कृषि विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की. जहां उन्हें उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था. इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी की और अपने पहले ही प्रयास में साल 2008 में यूपीएससी मात्र 23 वर्ष की आयु में ऑल इंडिया रैंक 92 हासिल कर क्वालीफाई कर ली. प्रीति मैथिल को आईएएस के लिए चुना गया.

कई जिलों में बतौर कलेक्टर किया काम

उन्होंने सागर, रीवा और मंडला जिलों में बतौर कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट सफलतापूर्वक काम किया है. इसके अलावा उन्होंने राज्य शासन में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में कमिश्नर-सह-डाइरेक्टर और सचिव स्तर की जिम्मेदारियां भी संभाली हैं. इसके अतिरिक्त वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के अपर सचिव के रूप में भी उच्च स्तरीय प्रशासनिक समन्वय और नीतिगत निर्णय लेने का कार्य कर चुकी हैं.

ये भी पढ़ें: हरदीप सिंह पुरी ने भरा नामांकन, CM मोहन यादव रहे मौजूद, 12 नवंबर को होगा राज्यसभा उपचुनाव

Exit mobile version