हरदीप सिंह पुरी ने भरा नामांकन, CM मोहन यादव रहे मौजूद, 12 नवंबर को होगा राज्यसभा उपचुनाव
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी
Hardeep Singh Puri Rajya Sabha by-election Nomination: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को मध्य प्रदेश विधानसभा में राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और नेता मौजूद रहे. इससे पहले पुरी ने करुणाधाम मंदिर पहुंचकर देवी महालक्ष्मी का आशीर्वाद लिया. इसके बाद वे सीएम आवास पहुंचे.
सीएम मोहन यादव ने क्या कहा?
सीएम मोहन यादव ने कहा कि हरदीप पुरी ने यहां से नामांकन दाखिल किया है. ये हमारा सौभाग्य है. यह हमारे लिए दिवाली के पूर्व का उपहार है. हम उम्मीद करते हैं की हरदीप पुरी के निर्वाचन का लाभ सिर्फ केंद्र को नहीं बल्कि राज्य सरकार को भी मिलेगा. वहीं, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि हरदीप पुरी ने नामांकन दाखिल किया है. सीएम मोहन यादव के नेतृत्व में नामांकन दाखिल किया गया
12 नवंबर को होगा उपचुनाव
राज्यसभा उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने 26 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की. नामांकन दाखिल करने के लिए आखिरी तारीख 2 नवंबर 2026 है. वहीं, नाम वापस लेने के लिए अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 है. 12 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी. इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना की जाएगी. 16 नवंबर 2026 को निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
उपचुनाव क्यों हो रहा है?
दरअसल, पूर्व केंद्रीय सूचना प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने 13 अक्टूबर को मंत्री पद और राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. वे मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे. उन्होंने अचानक इस्तीफा देते हुए सभी को चौंका दिया. उन्होंने इसकी वजह बताई कि साल 2029 में लोकसभा चुनाव होने वाले हैं. इसके लिए वे पूरी तरह जमीनी स्तर पर बीजेपी के लिए जुटना चाहते हैं.
ये भी पढ़ें: MP के स्थापना दिवस की तीन दिनों तक रहेगी धूम, मोनाली-मामे खान बांधेंगे समां, 102 छात्रों को मिलेंगे 1-1 लाख रुपये
कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित नहीं
मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीट पर कुछ महीने पहले चुनाव हुए थे. इसमें भारतीय जनता पार्टी के तरुण चुग, रजनीश अग्रवाल और महेश केवल निर्विरोध जीते थे. इसके बाद से बीजेपी के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं. वहीं, संख्याबल की बात करें तो भाजपा के पास विधानसभा में 164 और कांग्रेस के पास 65 विधायक हैं. इस तरह सत्तासीन पार्टी का ही पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है. अब तक कांग्रेस ने उम्मीदवार घोषित नहीं किया है.