Vistaar NEWS

भोपाल में एमडी ड्रग्स की डिलीवरी देने पहुंची कानपुर की महिला गिरफ्तार, 1.35 लाख का नशीला पदार्थ जब्त

Accused woman

आरोपी महिला

Bhopal News: भोपाल में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने कानपुर की एक महिला को गिरफ्तार किया है. महिला वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे एक निर्माणाधीन इमारत के पास एमडी ड्रग्स लेकर ग्राहक का इंतजार कर रही थी. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 4.66 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1.35 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने महिला का मोबाइल फोन भी जब्त किया है. बुधवार शाम को क्राइम ब्रांच ने इस कार्रवाई का खुलासा किया.

कानपुर की रहने वाली है आरोपी महिला

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान साजिया आलम (33), पिता मेहबूब आलम के रूप में हुई है. वह मूल रूप से कानपुर के बेगमगंज चमनगंज क्षेत्र की रहने वाली है. फिलहाल वह भोपाल के लालघाटी स्थित इंद्र विहार कॉलोनी में रह रही थी.

क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि वीआईपी गेस्ट हाउस के पीछे निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास एक महिला नशीले पदार्थ की डिलीवरी देने पहुंची है. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर निगरानी शुरू की और संदिग्ध महिला को घेराबंदी कर पकड़ लिया.

तलाशी के दौरान महिला के गले में पड़े दुपट्टे की गांठ से एक पारदर्शी पन्नी बरामद हुई. इसमें पीले रंग का पाउडर रखा था. जांच में यह एमडी ड्रग्स पाया गया. तौल कराने पर इसका वजन 4.66 ग्राम निकला. पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ महिला का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया.

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

क्राइम ब्रांच ने साजिया आलम के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि उसे ड्रग्स की खेप कहां से मिली और भोपाल में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी.

ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस महिला के मोबाइल फोन की जांच कर उसके संपर्कों और संभावित ग्राहकों की जानकारी जुटा रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं. पुलिस को आशंका है कि पूछताछ और मोबाइल की जांच से नशे की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है.

Exit mobile version