Vistaar NEWS

MP News: ‘किसानों को आत्मनिर्भर बनाएंगे’, CM मोहन यादव 2 मार्च को कृषि कैबिनेट में देंगे होली की सौगात

Chief Minister Mohan Yadav (File Photo)

मुख्यमंत्री मोहन यादव(File Photo)

CG News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के सभी किसानों की बेहतरी के लिए हम कई प्रकार के नवाचार कर रहे हैं. हमारी सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है. राज्य सरकार के 17 अलग-अलग विभागों पशुपालन, उद्यानिकी, सहकारिता, कृषि, उद्योग को साथ लेकर किसानों की समृद्धि के लिए बाग से लेकर बाजार तक विस्तृत योजना तैयार की गई है. राज्य में पहली बार कृषि कैबिनेट जनजातीय अंचल बड़वानी में 2 मार्च को आयोजित की जा रही है. इसमें हम किसानों को होली की सौगात देने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि के लिए समर्पित इस वर्ष में हम किसानों को आत्मनिर्भर बनाने वाले सभी कार्यों और नवाचारों को प्रोत्साहन देंगे. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को नई दिल्ली में नेशनल मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में यह जानकारी दी.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विश्व के श्रेष्ठ शासकों में सर्वोच्च स्थान रखने वाले सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित कई आयोजन किए गए हैं. उन्होंने कहा कि इन संबंध में केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भेंटकर उन्हे भी अवगत कराया है.

‘गैस त्रासदी में 25 हजार से ज्यादा लोगों की जान गई’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल में 40 साल पहले भीषण गैस त्रासदी हुई थी. जिसमें 25 हजार से अधिक लोगों ने अपनी जान गंवाई. राज्य सरकार ने बीते साल यूनियन कार्बाइड कारखाने में जमा कचरे का सफलतापूर्वक निष्पादन कराया है. यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री की खाली पड़ी जमीन पर एक भव्य स्मारक बनाया जाए, इस दिशा में केन्द्रीय गृह मंत्री शाह से मार्गदर्शन प्राप्त किया है. यहां 87 एकड़ भूमि पर भोपाल गैस त्रासदी स्मारक, साइंस पार्क, कन्वेंशन सेंटर, राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए समर्पित आधुनिक प्रयोगशाला, विकास आधारित राष्ट्रीय अनुसंधान केन्द्र स्थापित करने की योजना है.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश नक्सलवादी अभियान से मुक्त हो गया है. लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य है, यह हमारे लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है. प्रदेश में हर तरह की नक्सल गतिविधियों पर नकेल कसी है. बालाघाट ने लंबे समय तक नक्सलवाद का दंश झेला है. क्षेत्र के समग्र विकास के लिए यहां बैगा महोत्सव आयोजित किया जाए, इस दिशा में गृह मंत्री शाह से मार्गदर्शन लिया गया है.

8 लाख से ज्यादा लड़कियों के लिए निशुल्क टीकाकरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं. सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में आज प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरूआत की है. इसके अंतर्गत प्रदेश की 8 लाख से अधिक बालिकाओं का नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा. राज्य सकरार को 7 हजार 800 टीके मिले हैं. यह अभियान प्रदेश की 14 से 15 साल की बालिकाओं के लिए एक वरदान साबित होगा.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर मुश्किल वक्त में किसानों के साथ खड़ी है. प्राकृतिक आपदा से किसानों को हुई फसल क्षति के मुआवजे के लिए सर्वे के बाद सरकार मदद कर रही है. मध्यप्रदेश देश का फूड बॉस्केट है. प्रदेश में रबी, खरीफ, ग्रीष्मकालीन फसलों की अच्छी उत्पादकता है. मध्यप्रदेश दलहन उत्पादन में अग्रणी राज्य है. गेहूं उत्पादन में भी हम देश में दूसरे स्थान पर हैं. प्रदेश में उड़द, मसूर, तुअर पर्याप्त मात्रा में पैदा होती है. मध्यप्रदेश तिलहन में भी प्रथम स्थान रखता है. सोयाबीन और मूंगफली सबसे अधिक मध्यप्रदेश में ही होती है. प्राकृतिक खेती और बागवानी में भी मध्यप्रदेश सबसे आगे है. किसानों की समृद्धि के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में राज्य सरकार आगे बढ़ रही है. प्रदेश में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं.

‘BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष को महाकाल के दर्शन के लिए निमंत्रण दिया’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय वर्ग के पारम्परिक त्योहार भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मना रही है. उन्होंने बताया कि वे स्वयं शुक्रवार को आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में भगोरिया उत्सव में शामिल हुए और अमर शहीद चंद्रशेखर के बलिदान‍ दिवस पर उनकी जन्मस्थली भाभरा में श्रद्धांजलि अर्पित की.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया‍ कि उन्होंने शनिवार को ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को राज्य में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी और उन्हें बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आने का निमंत्रण भी दिया.

ये भी पढे़ं: MP News: सीएम मोहन यादव ने गृह मंत्री शाह से की मु‍लाकात, निगम मंडलों की नियुक्ति पर चर्चा, सीएम ने दिया बड़ा अपडेट

Exit mobile version