MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने फिल्म देखने के बाद कहा कि वर्ष 1925 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक की यात्रा को फिल्म में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है. उन्होंने कहा कि संघ के प्रथम सर संघचालक केशव बलिराम हेडगेवार ने आजादी के समय ही यह परिकल्पना कर ली थी कि स्वतंत्रता के बाद देश किस दिशा में आगे बढ़ेगा. इसी सोच के साथ उन्होंने संगठन की स्थापना की और देशभक्त बालकों के साथ शाखाएं प्रारंभ की.
हेडगेवार ने प्रारंभिक दौर में कांग्रेस का साथ दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेडगेवार ने प्रारंभिक दौर में कांग्रेस के साथ भी कार्य किया, लेकिन बाद में अपने विचारों के अनुरूप अलग मार्ग अपनाया. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पंडित मदन मोहन मालवीय से लेकर महात्मा गांधी और अन्य क्रांतिकारियों के साथ भी उन्होंने विभिन्न चरणों में कार्य किया.
‘फिल्म युवाओं के लिए प्रेरणादायक है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद राष्ट्र निर्माण में संघ ने सराहनीय भूमिका निभाई है. बाढ़, भूकंप और अन्य आपदाओं के समय भी संगठन ने उल्लेखनीय सेवा कार्य किए हैं.
उन्होंने फिल्म ‘शतक’ को अद्भुत बताते हुए कहा कि इसे मध्यप्रदेश में करमुक्त किया गया है. यह फिल्म युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को समझने का अवसर देती है. मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 1925 में लगाया गया पौधा आज वटवृक्ष बन चुका है, और उसकी यात्रा को समझने के लिए सभी को यह फिल्म अवश्य देखनी चाहिए.
ये भी पढे़ं: अजब-गजब MP! आगर मालवा में नायब तहसीलदार की चप्पल चोरी, SP से शिकायत की, कैमरे में पुजारी ले जाते हुए दिखा
